दौसा

टूटी सड़क, अस्पताल जाने का नहीं रास्ता

अधिकारी नहीं दे रहे हैं ध्यान  
2 min read
Jan 16, 2019
Broken road, no way to go to hospital
टूटी सड़क, अस्पताल जाने का नहीं रास्ता

बसवा. कस्बे की धूपतलाई में बने पशु चिकित्सालय में जाने वाली सड़क करीब छह माह से टूटी पड़ी है। इस मवेशियों का उपचार कराने जाने वाले किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन विभाग का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। ग्रामीण प्रतापसिंह राजावत ने बताया कि करीब पंद्रह वर्ष पूर्व विभाग ने धूप तलाई में पशु चिकित्सालय के लिए भवन बनाया था। पांच वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत ने मुख्य सड़क से चिकित्सालय तक सीसी रोड का निर्माण कराया था, लेकिन पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सीसी रोड कुछ माह बाद ही क्षतिग्रस्त हो गई। करीब एक वर्ष पूर्व सार्वजनिक निर्माण विभाग ने दोबारा सीसी रोड का निर्माण कर दिया और पानी निकासी के लिए छोटे पाइप लगा दिए, लेकिन करीब छह माह पहले वर्षा के पानी में सडक दोबारा बह गई। जिसे विभाग ने व ग्राम पंचायत ने आज तक ठीक नहीं किया। शकुंतला सोडिया ने बताया कि करीब 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया। इससे मवेशियों को नहीं ले जाया जा सकता। अस्पताल में मवेशियों को ले जाने के लिए दूसरों के खेतों में होकर ले जाना पड़ता है। कई बार खेत मालिक व लोगों में आपस में झगड़ा तक हो जाता है।
आंगनबाड़ी केन्द्र का भी नहीं रास्ता
पशु चिकित्सालय के पास में ही विभाग ने आंगनबाड़ी केन्द्र खोल रखा है। इसका भी रास्ता नहीं होने के कारण बच्चों की संख्या कम हो गई । रास्ता नहीं होने के कारण केन्द्र के कर्मचारियों को पोषाहार भी सिर पर रखकर लाना पड़ता है। पशु चिकित्सा प्रभारी डॉ. आंनद कोली ने बताया कि हमने ग्राम पंचायत को कई बार रास्ते को ठीक कराने के लिए अवगत करा दिया है, लेकिन अभी तक रास्ता ठीक नहीं कराया। रास्ते के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

खौंचपुरी में गहराया पेयजल संकट
महुवा. उपखण्ड क्षेत्र के खौंचपुरी गांव में जनता जल योजना का एकल बिंदु चार माह से सूख जाने के कारण लोगों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ रहा है। जलदाय विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बाद भी पेयजल व्यवस्था नहीं कराए जाने के कारण ग्रामीणों में गहरा रोष है। ग्रामीण हितेन्द्र कुमार, जय प्रकाश मीणा, कैलाश चन्द, प्रेम सिंह मीणा, विनोद कुमार शर्मा, राधेश्याम ने बताया कि खौंचपुरी ग्राम पंचायत मुख्यालय के ब्राह्मण मोहल्ला में जनता जल योजना के तहत लगाया गया एकल बिंदु चार माह पूर्व सूख जाने के कारण गांव में पेयजल संकट दिन-प्रतिदिन गहराता जा रहा है। उन्होंने बताया कि गांव के प्यारा का नंगला रोड स्थित जलदाय विभाग का एक बिंदु से पूरे गांव की पेयजल सप्लाई जोड़े जाने को लेकर विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन लाइन नहीं जोड़े जाने के कारण गांव में पेयजल समस्या बनी हुई है। पेयजल समस्या को लेकर ग्रामीणों ने विकास अधिकारी सहित जलदाय विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराए जाने के बाद भी समस्या का स्थाई समाधान नहीं किया जा रहा है। जिसके कारण ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है, उन्होंने जल्दी पेयजल व्यवस्था नहीं कराया जाने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।

Published on:
16 Jan 2019 01:40 pm