- नेशनल हाइवे पर खेड़ी रामला गांव के पास की घटना
मेहंदीपुर बालाजी. थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाइवे पर खेड़ी रामला गांव के पास गुरुवार देर रात गोवंश को बचाने के चक्कर में एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा चार अन्य गंभीर घायल हो गए।
हैड कांस्टेबल लखन सैनी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने सड़क किनारे चौकड़ी में पड़ी कार में से आसपास के ग्रामीणों के सहयोग से घायल वर्षा (21) पुत्री ओमप्रकाश कुमावत निवासी जोबनेर जयपुर, कविता (22) पत्नी अशोक यादव निवासी कल्याणपुर थाना अमरसर जयपुर ग्रामीण, आशा (22) पुत्री साधुराम यादव निवासी गिनोई थाना कालाडेरा जिला जयपुर ग्रामीण, पूरन (25) पुत्र सादूराम निवासी गिनोई थाना कालाडेरा जिला जयपुर ग्रामीण व अशोक पुत्र बाबूलाल यादव निवासी कल्याणपुर थाना अमरसर जयपुर को एंबुलेंस की मदद से सिकराय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर अशोक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया तथा चारों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए जयपुर रैफर कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस दुर्घटना के मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद मानपुर वृत्ताधिकारी संतराम मीणा ने भी मौके पर पहुंचकर जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मदद को दौड़े ग्रामीण व होटलकर्मी: देर रात कार दुर्घटना का पता चलते ही आसपास के ग्रामीण व होटलकर्मी मदद को दौड़ पड़े तथा कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने में पुलिस की मदद की।
दुर्घटना में कार चालक की मौत
महुवा. महुवा-हिंडौन राजमार्ग स्थित यूनिवर्सल कॉलेज के समीप कार और मिनी ट्रक की आमने-सामने की टष्ठस्रर में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। थाना पुलिस ने बताया कि महुवा से हिंडौन की ओर जा रही कार तथा मिनी ट्रक की भिड़ंत में कार चालक राजेश पुत्र विजय जाट निवासी रैवई थाना हिंडौन (करौली) की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए तथा शव कार में फंस गया। पुलिस ने मशक्कत के बाद शव को बाहर निकालकर सामुदायिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।