दौसा

कार में मिली 18 लाख की नकदी, पुलिस ने की जब्त

मामले की जांच में जुटी पुलिस
less than 1 minute read
Oct 19, 2023
कार में मिली 18 लाख की नकदी, पुलिस ने की जब्त
महुवा. कार में मिली नकदी को गिनती पुलिस।

दौसा. यहां महुवा-हिंडौन रोड पर सलेमपुर थाना अन्तर्गत विधानसभा चुनाव की आचार संहिता की पालना में की जा रही नाकाबंदी मे जांच के दौरान एक कार सवार से 18 लाख की नकद राशि एफएसटी टीम ने जब्त की है। सलेमपुर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि महुवा हिंडौन रोड स्थित प्वाइंट पर नाकाबंदी चल रही था। इस दौरान रोनू जाटव निवासी जाटव बस्ती हिंडौन,जिला करौली की कार को रोककर जांच की तो उसकी डिक्की में रखे थैले के अंदर 18 लाख की नकद राशि मिली। पूछताछ में संतोषप्रद जवाब तथा ब्योरा नहीं दे पाने पर पुलिस ने नकद राशि जब्त कर मामले की जांच में जुट गई है।

सूने मकान से 25 हजार की नकदी व सामान चोरी
लालसोट. क्षेत्र के रतनपुरा गांव मे बीती रात्रि को चोर एक सूने मकान से 25 हजार की नकदी व अन्य सामान चुरा ले गए। जानकारी के अनुसार रेवड़मल जांगिड़ बुधवार रात्रि को बालाजी मंदिर में नवरात्र के दौरान पूजा पाठ करने गया हुआ था।

इस दौरान उसके सूने मकान से चोर कारीगरी का सामान, ड्रिल मशीन सहित 25 हजार की नकदी पार कर ले गए। गुरुवार सुबह जब रेवड़मल मंदिर से लौटा तो घर में सामान बिखरा हुआ पड़ा मिला। सूचना पर पहुंचे सरपंच गिर्राज प्रसाद मीना ने मौका मुआयना किया और पुलिस थाना झांपदा को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश बड़ाला, बहादुर सिंह ,श्रवणलाल छांडवाल, घनश्याम वैष्णव, मोहनलाल मीना, मुकेश मीना, बनवारीलाल नारेड़ा, लोकेश समेत कई जने भी पहुंचे। ग्रामीणों का कहना था कि कुछ माह पूर्व गांव के सीताराम मंदिर में भी चोरी की घटना हो चुकी है।

Published on:
19 Oct 2023 08:59 pm