अधिकारियों को दिए व्यवस्था में सुधार के निर्देश
दौसा. जिला कलक्टर पीयुष समारिया ने बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित जलदाय विभाग के सिटी पम्प हाउस, कन्ट्रोल रुम, शहर खण्ड कार्यालय, पम्पिंग स्टेशन, छतरी वाली ढाणी स्थित आईपीएस पम्प हाउस आदि का निरीक्षण कर पेयजल व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियन्ता रामनिवास मीना, अधिशासी अभियन्ता राम लखन मीना, सहायक अभियन्ता (सिटी) हनुमान प्रसाद मीना ने जिला कलक्टर को बताया कि शहर की प्रतिदिन आवश्यकता 110 लाख लीटर है, लेकिन बीसलपुर से 25 लाख लीटर एवं बाणगंगा-होदायली से 20 लाख लीटर सहित कुल 45 लाख लीटर पानी उपलब्ध है। ऐसे में 48 से 96 घंटे के अन्तराल पर जलापूर्ति की जा रही है। समस्याग्रस्त इलाकों में प्रतिदिन 165 से 170 टैंकर भी भिजवाए जाते हैं।
जिला कलक्टर ने कन्ट्रोल रूम पर पंजिका का उचित संधारण एवं जिला स्तरीय कन्ट्रोल रूम के नम्बर 01427-220045 को कार्यालय के बाहर लिखवाने के निर्देश दिए। शहरी कार्यालय के बाहर कचरा देख कर नाराजगी जताते हुए नगर परिषद के साथ समन्वय स्थापित कर साफ-सफाई कराने को कहा। खण्ड कार्यालय के नियंत्रण कक्ष में ही संचालित ई-मित्र केन्द्र के सामान को देख कर जिला कलक्टर ने उसे अन्यत्र स्थापित करने के निर्देश दिए।