
दौसा. देश में हुई नोटबंदी के एक वर्ष पूरा होने पर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में बुधवार को काला दिवस मनाया गया। जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ता नेहरू पार्क में एकत्र हुए। पार्क में हुई आमसभा में प्रभारी रघु शर्मा, सहायक प्रभारी दानिश अबरार, वरिष्ठ नेता परसादीलाल मीना, जिला प्रमुख गीता खटाणा, ममता भूपेश, रामकिशोर सैनी, अजीतसिंह महुवा सहित अन्य ने सरकार को जमकर आड़े हाथ लिया। नोटबंदी को अर्थव्यवस्था को तबाह करने वाला निर्णय बताया।
सभा के बाद कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली। इसमें सैकड़ों कार्यकर्ता लालसोट रोड, गांधी तिराहा, आगरा रोड होते हुए जिला कलक्ट्रेट पहुंचे। पूरे रास्ते कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलक्टर को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। इस दौरान विनोद शर्मा, रामनिवास गोयल, रामस्वरूप जायसवाल, महिला अध्यक्ष रेणु कटारिया, रामनाथ राजोरिया, आसिफ महुवा, पुष्पेन्द्र शर्मा, महासचिव शेषअवतार शर्मा, अबरार अहमद, जितेन्द्रसिंह शेखावत, उमाशंकर मीना, घनश्याम शर्मा, जिप सदस्य महेश सैनी, चतरसिंह बासड़ा, नरेन्द्र बैंसला, पुनीत तांबी, बबली महेश्वरा, सेवादल अध्यक्ष बांदीकुई पीयूष झालानी, अमन झालानी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे। रैली के दौरान भारी पुलिस बंदोबस्त भी रहा।
युवा कांग्रेस ने निकाली शवयात्रा
रैली में आकर्षण का केन्द्र युवा कांग्रेस की ओर से निकाली गई अर्थव्यवस्था की शवयात्रा रही। लोकसभा क्षेत्र अध्यक्ष सुरेन्द्रसिंह गुर्जर ने बताया कि कलक्ट्रेट के बाहर पुतले का दहन किया गया। इस दौरान उपाध्यक्ष मेघराम नांदरी, अर्जुन सोनी, दुर्गाशंकर उदाला, दीपक मीना सहित कई युवा मौजूद थे।
पैदल मार्च निकाल कर किया प्रदर्शन
सिकंदरा . कांग्रेस पर्यावरण प्रकोष्ठ एवं युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कस्बे में बुधवार को नोटबंदी के खिलाफ रैली निकालकर काला दिवस मनाया। युवा कांग्रसे के प्रदेश सचिव मुथरेश गुर्जर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बांदीकुई रोड बैंक के समीप से पैदल मार्च शुरू मुख्य बाजार होते हुए छतरियों पर पहुंचे। जहां से कार्यकर्ता एक साथ वाहनों में बैठकर दौसा के लिए रवाना हुए। इस मौके पर भाण्डारेज ब्लॉक अध्यक्ष प्रेमचंद सैनी, गंगाधर सैनी, जिला उपाध्यक्ष पुखराज खूंटला, जिला सचिव अर्जुन सोनी, सुमेर बुर्जा, राजेश सैन, रामावतार सैनी, दीपक आदि मौजूद थे।