दौसा

गले की फांस बना मुही में स्कूल भवन निर्माण

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Oct 01, 2018
muhi school
गले की फांस बना मुही में स्कूल भवन निर्माण

दौसा ग्रामीण. ग्राम पंचायत मुही में राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय के निर्माणाधीन भवन का कार्य भूमि चयन को लेकर हुई गलतफहमी के कारण अधर में अटक गया है, वहीं विभाग के लिए गले की फांस बनता जा रहा है। विद्यालय के लिए आवंटित स्थान से हटकर भवन निर्माण होने की शिकायत के बाद कार्य रोककर जिला प्रशासन की ओर से मामले की जांच कराई जा रही है।


राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद (रमसा) की ओर से नाबार्ड के सहयोग से विद्यालय में करीब 25 लाख रुपए की लागत से मुही विद्यालय के लिए नवीन भवन का निर्माण कराया जा रहा है। ऐसे में वर्तमान भवन में स्थान अभाव के कारण कुण्डामाता-दिलावरपुरा सड़क मार्ग पर आवंटित भूमि पर संवेदक की ओर से सूचना बोर्ड लगाकर कार्य भी शुरू कर दिया गया।


इसके अनुसार 26 जनवरी 2019 से पहले कार्य पूरा करना है, लेकिन अब पेंच यह फंस गया है कि दूसरे स्थान पर भवन निर्माण होने का परिवाद मिलने पर जिला प्रशासन की ओर से मामले की जांच कराई जा रही है।
इसके लिए जिले के खनिज विभाग, रमसा एवं राजस्व विभाग के कार्मिक मौके का मुआयना भी कर चुके हैं। हालांकि विभागीय अधिकारी खुलकर बोलने से बच रहे हैं। ऐसे में फिलहाल विद्यालय भवन के लिए थोड़ा इंतजार और करना पड़ सकता है।

लाखों रुपए का हुआ निर्माण


विद्यालय भवन के लिए बरामदा सहित तीन बड़े हॉल बनाए जा रहे हैं। दरवाजे से ऊपर तक निर्माण कार्य हो गया है। ऐसे में अब जगह बदलने की स्थिति में लाखों रुपए बेकार हो जाएंगे।


सुविधाओं से महरूम विद्यार्थी


आदर्श विद्यालय कस्बे के मध्य में मोड़ पर स्थित है। ऐसे में दुर्घटना की संभावना भी रहती है। भवन पुराना होने के कारण खस्ताहाल है। बरसात के दिनों मेंं भवन में पानी टपकता है। ऐसे में कुण्डामाता-दिलावरपुरा जाने वाले सड़क मार्ग पर विद्यालय के आवंटित खाली भूमि पर भवन निर्माण कराया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों को समुचित सुविधाएं मिल सकेंगी।

जांच रिपोर्ट सौंपेंगे
जिला कलक्टर के निर्देश पर इस मामले की जांच कराई गई है। ऐसे मेंं शीघ्र रिपोर्ट पेश की जाएगी।
पिंकराव सिंह, सहायक अभियंता खनिज विभाग, दौसा

Updated on:
01 Oct 2018 07:50 am
Published on:
01 Oct 2018 07:50 am