corona in dausa- कुल संक्रमितों की संख्या हुई 555
दौसा. जिले में कोरोना संक्रमित मरीज की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को कुल 14 नए संक्रमित सामने आए। इनमें अध्यापकों, व्यापारियों सहित पूर्व में आए संक्रमितों के सम्पर्क वाले व्यक्ति शामिल हैं। सूचना पर पहुंची चिकित्सा टीमों ने मरीजों का उपचार शुरू कराया व सम्पर्क में आए लोगों को चिह्नित कर कोरोना टेस्ट किया गया।
जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय पर सुभाष कॉलोनी निवासी ट्रांसपोर्ट व्यवसायी कोरोना पॉजिटिव निकला है। व्यवसायी की दो-तीन दिन से तबीयत खराब होने पर जांच कराने में कोरोना होना सामने आया। इसी कॉलोनी निवासी एक महिला भी संक्रमित मिली है। वह जयपुर के एक निजी बैंक में कार्यरत है। बुखार, खांसी-जुकाम होने पर 26 को जांच कराने पर पॉजिटिव निकली है। वर्तमान में जयपुर में रह रही है। चिकित्सा टीम ने करीब एक दर्जन परिजनों को चिह्नित किया है। वहीं नया कटला निवासी एक व्यवसायी भी कोरोना संक्रमित पाया गया। तीन दिन पहले उसके चाचा के कोरोना होने पर जांच कराई थी। अब रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मरीज को होम आइसोलेशन में रखा गया है। इसी तरह नागौरी पुलिया क्षेत्र में भी एक 75 वर्षीय वृद्ध को सांस लेने में परेशानी होने पर जांच में कोरोना की पुष्टि हुई है। मरीज का जयपुर के अस्पताल में उपचार चल रहा है। सम्पर्क के 10 परिजनों को कोरोना टेस्ट के लिए भेजा गया। वहीं जिले के लालसोट उपखण्ड में 3, महुवा में 2, गढ़ोरा व लवाण क्षेत्र में 1-1 व बांदीकुई में 4 मरीज सामने आए हैं।
इधर, जिले में अब तक 25 हजार 819 लोगों के सैम्पल लिए जा चुके हैं। इनमें से 393 की रिपोर्ट का इंतजार है। वहीं टीमों ने अब तक 54 हजार 256 लोगों की स्क्रीनिंग करवा ली है। 53 हजार 57 लोगों की 14 दिन की आइसोलेशन अवधि पूरी हो चुकी है तो 1199 लोग होम आइसोलेशन पर चल रहे हैं। इसी प्रकार चिकित्सा विभाग की 289 टीमों ने 745 घरों के 12 हजार 421 लोगों का स्वास्थ्य सर्वे किया है। कुल 467 मरीज रिकवर भी हो चुके हैं। शुक्रवार को दौसा में 38, बांदीकुई 94, सिकराय 64, महुवा 13 सहित कुल 214 जनों का कोरोना टेस्ट किया गया।
पुलिस ने की सख्ती
दौसा कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को सख्ती दिखाते हुए शहर में शाम 6 बजे बाद खुली दुकानों को बंद कराया। करीब दो दर्जन लोगों का मास्क नहीं लगाने पर चालाना किया। वहीं सब्जी व फल मंडी को बंद कराया गया। कोतवाली थाना प्रभारी राजेश मीना के नेतृत्व में पुलिस ने गश्त कर नियमों की पालना नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। वहीं पुलिस दल को आता देख शहर में व्यापारियों ने आनन-फानन में शटर बंद कर दिए।