
Covid 19 Positive Patient Dies In Jaipur : नांगल राजावतान (दौसा)। दौसा जिले के नांगल राजावतान की जोजाला ढाणी निवासी कोविड पीडि़त एक जने की जयपुर में उपचार के दौरान गुरुवार दोपहर मौत हो गई। जिले में छह माह बाद फिर कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने से चिकित्सा विभाग में हड़कंप मच गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुभाष बिलोनिया ने बताया कि बाबूलाल मीणा पुत्र कजोड़मल की 4 दिसंबर को तबीयत खराब होने पर परिजनों ने जिला चिकित्सालय में दिखाया। मरीज को सांस लेने में अधिक दिक्कत होने पर जयपुर रैफर कर दिया गया।
जयपुर टीबी सेंटर में 5 दिसंबर को भर्ती कराया कराया गया तथा तबीयत में सुधार होने पर 14 दिसंबर को छुट्टी दे दी। 18 दिसंबर की रात्रि वापस तकलीफ होने पर 19 दिसंबर को वापस टीबी सेंटर जयपुर में भर्ती कराया गया। जहां कोविड जांच में मरीज पॉजिटिव निकला। गुरुवार दोपहर जयपुर अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीज 23 जून को लवाण ब्लॉक में मिला था। सीएमएचओ ने बताया कि मरीज के सम्पर्क में आए व्यक्तियों की जांच की जाएगी। साथ ही ढाणी में सर्वे कराकर रोकथाम की गतिविधियों को अंजाम दिया जाएगा।