बीस लाख की लागत की क्रिटिकल एंबुलेंस को उद्योग मंत्री ने दिखाई हरी झंडी
दौसा. उद्योग मंत्री परसादीलाल मीना ने विधायक कोष से लालसोट सीएचसी के लिए बीस लाख की लागत की क्रिटिकल एंबुलेंस को विधिवत पूजा अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि इस अत्याधुनिक एंबूलेंस से गंभीर मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। रैफर करने के बाद किसी उच्च चिकित्सा संस्थान पर मरीज को ले जाने के दौरान इसमें ऑक्सीजन सिलेण्डर समेत सभी आपातकालीन सेवाएं मौजूद रहेंगी, जिससे मरीज की जान को कोई खतरा नही हो। उन्होंने बताया कि आने वाले कुछ ही दिनों में रामगढ़ पचवारा सीएचसी के लिए भी विधायक कोष से एक क्रिटिकल एंबुलेंस पहुंचेगी। जिससे उस क्षेत्र के ग्रामीणों को भी बड़ी राहत मिलेगी। उद्योग मंत्री ने बताया कि यह एंबुलेंस सेवा पूरी तरह निशुल्क भी रहेगी। पालिका अध्यक्ष रक्षा मिश्रा, खादी ग्रामोद्योग समिति के अध्यक्ष दिनेश मिश्र, एसडीएम गोपाल जांगिड़, बीसीएमओ डॉ. धीरज शर्मा, रामबिलाश खेमावास, ईश्वरलाल मीना, प्रभारी डॉ. प्रीति श्रीवास्तव, डॉ. एचएन मीना, गिर्राज कंछला, जीतू बड़ाया एवं रोहित पंसारी आदि मौजूद रहे।
सख्त लॉकडाउन से गिरा कोरोना का ग्राफ
लालसोट. प्रदेश के उद्योग मंत्री परसादीलाल मीना ने कहा है कि सरकार ने पूरे प्रदेश में कोरोना से आम जन को बचाने के लिए बेहतर प्रबंध किए है और इनके बेहतर परिणाम भी सामने आए है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ आयोजित मंत्रीमंडल की बैठक में कोरोना संक्रमण की चेन को तोडऩे के लिए सभी मंत्रियों ने सख्त लॉकडाउन लगाने व शादियों पर रोक लगाने के सुझाव दिए थे। प्रदेश की जनता ने भी लॉकडाउन की सम्मान किया है और सख्त लॉकडाउन के चलते ही प्रदेश में कोरोना का ग्राफ गिरा है। अब मरीजों की संख्या तीन से साढ़े तीन हजार तक ही रह गई है, आगामी आठ जून तक यह संख्या पांच सौ से सात सौ तक आ जाएगी। स्थितियां बेहतर होने पर मंत्रीमंडल दोबारा विचार करेगा। जिससे लोगों को वापस अपना जीवन शुरू करने का मौका मिलेगा।
गोसेवा के लिए दी 21 हजार की सहायता
दौसा. सोमनाथ गोसेवा संस्थान की ओर से संचालित गोमाता के लिए चारे एवं भण्डारण व्यवस्था के लिए दौसा जिला प्राइवेट हॉस्पिटल एसोसिएशन ने 21 हजार रुपए का आर्थिक सहयोग प्रदान किया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. मोहन मीना, सचिव डॉ उमेशदत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष डॉ संजय गोयल ने सोमनाथ गोसेवा संसथान पहुंचकर कार्यकर्ताओं के प्रयास की सराहना की। संस्थान के सदस्य अमित पारीक ने बताया कि संस्था पिछले कोरोना काल से लगातार काम कर रही है। दौसा में विभिन्न स्थलों पर 35 से 40 चारे के प्वाइंट बनाए हैं, जहां पर प्रतिदिन चारा डाला जाता है। इस मौके पर गो संस्थान के वरिष्ठ सदस्य राजेश पारीक, सतीश पारीक, सीताराम शर्मा आदि रहे।