दौसा

दौसा: कोरोना संक्रमित युवती पहुंची परीक्षा देने, वीक्षक ने पहनी पीपीई किट

जिले में 142 केन्द्रों पर हुई प्री. डीएलएड परीक्षा, अंदर सतर्कता बाहर लापरवाहीसीएमएचओ व सीडीईओ रहे मौजूद, स्केनिंग के बाद दिया प्रवेश

2 min read
Aug 31, 2020
दौसा: कोरोना संक्रमित युवती पहुंची परीक्षा देने, वीक्षक ने पहनी पीपीई किट

दौसा. कोरोना के साये के बीच सोमवार को जिले में 142 केन्द्रों पर प्री. डीएलएड परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के दौरान केन्द्रों में सतर्कता बरतते कर्मचारी नजर आए, लेकिन बाहर लापरवाही नजर आई। सड़कों व केन्द्रों के बाहर भीड़ जमा रही। सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ती दिखी। वहीं केन्द्र में परीक्षार्थियों की स्केनिंग कर मास्क की जांच के बाद प्रवेश किया गया। हाथ भी सेनेटाइज कराए। वहीं रामकरण जोशी परीक्षा केन्द्र में एक कोरोना संक्रमित युवती को भी परीक्षा दिलवाई गई। इससे कार्मिकों में हड़कं म्प मचा रहा। हालांकि सभी अलर्ट रहे।


रामकरण जोशी स्कूल परीक्षा केंद्र पर बांदीकुई की रहने वाली कोरोना पॉजिटिव परीक्षार्थी को दौसा जिला अस्पताल के कोविड वार्ड से 108 एंबुलेंस के माध्यम से लाया गया। जहां पूर्व में जिला कलक्टर के निर्देश पर एक अलग की कक्ष की व्यवस्था की गई। कक्ष को पूरी तरह सेनेटाइज किया गया था।


परीक्षार्थी के लिए वीक्षक को पीपीई किट पहनाई गई। वीक्षक भी कोरोना योद्धा बनकर जांबाजी से अपना फर्ज निभाते नजर आया। परीक्षार्थी को प्रश्न पत्र व ओएमआर शीट देकर सारी औपचारिकताएं भी पूरी की गई। कोरोना मरीज के परीक्षा देने की सूचना पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीएम वर्मा और मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम मीणा ने भी मौके पर पहुंचकर निगरानी रखी। परीक्षार्थी को अलग ही ले जाया गया। सीडीईओ ने बताया कि इस बात का ख्याल रखा कि अन्य परीक्षार्थियों में कोरोना संक्रमण न फैले। परीक्षा संपन्न होने के बाद परीक्षार्थी को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाया।
कक्ष को पुन: सेनेटाइज कर परीक्षार्थी की उत्तर पुस्तिका को अलग लिफाफे में सील्ड कर भिजवाने की व्यवस्था की गई।

इधर, जिले के अन्य परीक्षा केन्द्रों में दूरी पर परीक्षार्थियों की प्रवेश के लिए कतार लगाई गई। कई केन्द्रों पर स्केनिंग कर तापमान जांचा गया। मास्क पहनकर ही केन्द्र के अंदर प्रवेश दिया। हालांकि कई निजी स्कूलों के केन्द्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग की पालना नहीं होती भी नजर आई। कई केन्द्रों पर बाहर जगह का अभाव रहा।

Published on:
31 Aug 2020 10:45 pm
Also Read
View All