दौसा

दौसा. ढाबे पर काम करने वाले युवक का मिला शव

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, मामला दर्ज

2 min read
Nov 27, 2021
दौसा. मृतक युवक के परिजनों से समझाइश करती सदर थाना पुलिस।

दौसा. सदर थाना क्षेत्र के धोन्या के बंद के समीप शुक्रवार सुबह ढाबे पर काम करने वाले एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या की आशंका मानते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मृतक कुलदीप (25) पुत्र सीताराम बैरवा निवासी धोन्या का बंद भांडारेज मोड़ का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस दौरान लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस के मुताबिक मृतक के पिता ने रिपोर्ट में बताया कि उसका पुत्र एक ढाबे पर काम करता था। गुरुवार शाम को घर नहीं आने पर शुक्रवार सुबह देखने गए तो वह गड्ढे में मृत अवस्था में पड़ा मिला। परिजनों ने इस मामले में दो जनों पर हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच दौसा वृताधिकारी दीपक कुमार कर रहे हैं।

कैफे पर पुलिस का छापा
लालसोट . पाश्चात्य संस्कृ़ति दुष्प्रभाव शहरों के बाद अब छोटे कस्बों व गांवों तक भी पहुंचने लगा है। कुछ इसी तरह का मामला गुरुवार देर शाम लालसोट शहर में उस वक्त सामने आया, जब एक कैफे की आड़ में चल रहे हुक्का बार पर लालसोट पुलिस ने छापामार कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से संचालक समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
छापे के दौरान कैफे में मौजूद अन्य युवक-युवतियां भाग छूटे। थाना प्रभारी अंकेश कुमार ने बताया कि गुरुवार शाम गश्त के दौरान इस बात की सूचना मिली कि खटवा रोड पर स्थित नीली छतरी नाम से संचालित कैफे में युवक-युवतियों को फ्लेवरड हुक्का पिलाया जा रहा है। जानकारी मिलने पर पुलिस जब मौके पर पहुची तो वहां कैफे संचालक द्वारा सोफे व टेबिलों पर लड़के-लड़कियों को खान-पान के साथ फ्लेवरड हुक्का पिलाया जा रहा था।
पुलिस को देख वहां मौजूद युवक- युवतियां फरार हो गए। पुलिस ने इस दौरान मौके से कैफे मालिक अभिनव गुप्ता निवासी शिवदासपुरा जयपुर और एक अन्य युवक अयान खान निवासी काजी पाड़ा गणगौरी दरवाजा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जब कैफे पर तलाशी अभियान चलाया तो वहां से दो हुक्का, दो चिलम, दो पाइप, एक डिब्बा खुला फ्लेवर, एक पॉलीथिन खुला फ्लेवर व अन्य सामान भी मिले। थाना प्रभारी ने बताया कि इसी तरह की अन्य शिकायत मिलती है तो अन्य जगहों पर भी कार्रवाई होगी।

Published on:
27 Nov 2021 02:43 pm
Also Read
View All