पर्चियों के आधार पर निजी लैब संचालकों व चिकित्साकर्मियों की मिलीभगत उजागर
दौसा. संभागीय आयुक्त डॉ. समित शर्मा ने बुधवार को दौसा जिले में अस्पताल, नगर परिषद, परिवहन विभाग, राजकीय विद्यालय सहित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण कर अव्यवस्थाएं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाकर सुधार करने की हिदायत दी।
सुबह करीब साढ़े नौ बजे संभागीय आयुक्त जिला अस्पताल पहुंच गए। वहां मरीजों के पास मिली पर्चियों के आधार पर निजी लैब संचालकों व चिकित्साकर्मियों की मिलीभगत उजागर हुई। संभागीय आयुक्त ने एक बुजुर्ग से पूछा तो उसने बताया कि बाहर सात नंबर की दुकान से ही जांच कराने भेजा गया। दवाएं भी बाहर दुकान से लाया। इस पर नाराजगी जताते हुए संभागीय आयुक्त ने कार्यवाहक पीएमओ डॉ. बत्तीलाल मीना, मातृ शिशु कल्याण केन्द्र प्रभारी डॉ. सी.एल. सिंघल व डॉ. राजेश गुर्जर की जमकर खिंचाई की। डॉ. शर्मा ने चिकित्सकों से साफ कहा कि जनता की सेवा करने के लिए अपने को तनख्वाह मिलती है। गरीबों से पैसे मत लो। अगर पैसा ही कमाना है तो प्राइवेट अस्पताल ही खोल लो।
उन्होंने कहा कि जब सरकार की योजनाओं के तहत सबकुछ अस्पताल में नि:शुल्क उपलब्ध है तो मरीजों तक लाभ क्यों नहीं पहुंचाया जा रहा। संभागीय आयुक्त ने साथ मौजूद जिला कलक्टर पीयुष समारिया को पूरे मामले की जांच करने के निर्देश दिए।
इसके बाद संभागीय आयुक्त नगर परिषद पहुंचे तथा कबाड़ मिलने व अन्य अव्यवस्थाओं को देखकर नाराजगी जाहिर की। इसके बाद प्रादेशिक परिवहन कार्यालय पहुंचे तथा शौचालयों व ड्राइविंग ट्रेक की खराब दशा देखकर नाराजगी जताई। आयुक्त ने कहा कि शायद 14 बिंदुओं के निरीक्षण नोट को अधिकारियों ने गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने एक सप्ताह में हालत सुधारने व 26 जनवरी तक परिवहन विभाग में दलाल व्यवस्था को खत्म करने की हिदायत दी। सिकंदरा अस्पताल व ट्रोमा सेंटर में भी अव्यवस्थाओं का आलम देखकर डॉ. समित शर्मा ने कड़ी नाराजगी जताई।
नोटिस देंगे
पत्रकारों से बातचीत के दौरान संभागीय आयुक्त ने बताया कि जिला अस्पताल के पीएमओ, डॉ. राजेश गुर्जर व नगर परिषद आयुक्त को नोटिस दिया जाएगा। जहां-जहां भी कमियां मिली है, उनकी कमेटी जांच करेगी तथा रिपोर्ट मिलने के बाद आगे कार्रवाई होगी।
प्रशंसा पत्र भी दिए
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कालाखो व पीचूपाड़ा खुर्द में व्यवस्थाओं की सराहना कर संभागीय आयुक्त ने डीईओ घनश्याम मीना, प्रधानाचार्य मदनलाल शर्मा, कालाखो सरपंच शंभुदयाल बैरवा सहित 10 शिक्षकों को प्रशंसा पत्र भी हाथों-हाथ प्रदान किए।