तीसरे दिन 79 अभ्यार्थियों ने 99 नामांकन भरे
दौसा. नगर निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिने बुधवार को बड़ी संख्या में प्रत्याशियों ने आवेदन किए। उपखण्ड अधिकारी कार्यालयों में दिनभर प्रत्याशियों का तांता लगा रहा। हालांकि राजनीतिक दलों की ओर से प्रत्याशी घोषित नहीं करने से अभी भी अधिकतर दावेदार इंतजार में हैं। ऐसे में अब अंतिम दो दिनों में बड़ी संख्या में नामांकन आने की उम्मीद है। वहीं देवउठनी एकादशी के सावे का भी नामांकन प्रक्रिया पर असर देखा गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी पीयुष समारिया ने बताया कि तीसरे दिन नगर पालिका बांदीकुई, लालसोट एवं नगर परिषद दौसा के 130 वार्डों में होने वाले चुनाव के लिए 79 प्रत्याशियों ने 99 नामांकन दाखिल किए हंै।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका बांदीकुई के 32 अभ्यार्थियों ने 41 नामांकन प्रस्तुुत किए। नगर पालिका लालसोट में 25 अभ्यार्थियों ने 31 नामांकन पेश किए। वहीं नगर परिषद दौसा में 55 वार्डों के लिए होने वाले चुनाव के लिए 22 अभ्यार्थियों ने 27 नामांकन प्रस्तुुत किए हैं।
रसीद के लिए लगी रही कतार
एसडीओ कार्यालय में अमानत राशि की रसीद कटवाने के लिए दावेदारों की कतार लगी रही। सामान्य प्रत्याशी के लिए 4 हजार तथा आरक्षित व महिला दावेदारों के लिए 2 हजार अमानत राशि ली जा रही है। इसी तरह अधिवक्ताओं के यहां भी नामांकन भरवाने के लिए दावेदारों का तांता लगा रहा।