दौसा

दौसा समाचार: फूलों की खेती से महका जीवन, एक बीघा में सवा लाख तक की बचत

दौसा जिले के किसानों ने अब पारंपरिक खेती से हटकर फूलों की खेती करना शुरू की है। कम लागत में बेहतरीन मुनाफा कमाने का यह नया तरीका किसानों के जीवन में खुशहाली लेकर आया है।
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 5:57 PM IST
फूलों की खेती
दौसा के निकट सिंडौली में एक खेत में ​खिले फूल। 

दौसा। खेती में परंपरागत फसलों के बजाय नवाचार और बाजार की मांग के अनुसार फसल का चयन किया जाए तो कम जमीन में भी अच्छी कमाई की जा सकती है। इसकी मिसाल जिले के सिंडौली, बड़ौली, कुण्डल और सैंथल क्षेत्र में फूलों की खेती कर रहे किसान पेश कर रहे हैं। यहां किसानों ने फूलों की खेती को आय का बेहतर जरिया बना लिया है। सिण्डोली गांव में ही करीब 25 किसान फूलों की खेती कर रहे हैं। खास बात यह है कि किसान फूल बेचने के साथ उनकी पौध तैयार कर बेच रहे हैं, जिससे अतिरिक्त आमदनी भी हो रही है।

सिण्डोली निवासी कैलाश चंद सैनी ने बताया कि वे पिछले 15 साल से फूलों की खेती कर रहे हैं। वे करीब चार बीघा जमीन में फूल उगा रहे हैं। उनका कहना है कि फूलों की खेती में लागत और मेहनत के बावजूद अच्छा मुनाफा मिलता है। चार बीघा में खेती से सालाना चार लाख रुपए तक की बचत हो जाती है।

खेती के लिए उन्होंने पौधे खरीदकर शुरुआत की और बाद में ड्रिप सिंचाई पद्धति अपनाई। इससे पानी की बचत के साथ पौधों को जरूरत के अनुसार सिंचाई मिलती है। उनके अनुसार एक बीघा में करीब एक रुपए तक की बचत हो जाती है। फूलों के अलावा उसी साल गेहूं व अन्य फसल उगा लेते हैं। इससे भी आय हो जाती है। ऐसे में एक बीघा में करीब सवा से डेढ लाख रुपए की बचत हो जाती है।

दो सीजन में होती है खेती

किसान कैलाश चंद व रमेश बताते हैं कि फूलों की खेती के दो प्रमुख सीजन हैं। पहले सीजन में आषाढ़ माह के अंत में पौधे लगाए जाते हैं। इनमें भाद्रपद माह से फूल आने शुरू हो जाते हैं। इस फसल को देवउठनी एकादशी तक रखा जाता है। इसके बाद दूसरे सीजन के लिए आसोज माह में पौधे लगाए जाते हैं, जिनमें पौष माह में फूल आने लगते हैं। दिवाली और त्योहारों के समय फूलों की मांग बढ़ने से अच्छे भाव मिलते हैं। सामान्य दिनों में फूल 50 से 100 रुपए प्रति किलो तक बिकते हैं, जबकि इस बार दिवाली के समय भाव 125 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गए।

पौध बेचकर भी अतिरिक्त कमाई

फूलों की खेती के साथ किसान पौध बेचकर भी आमदनी कर रहे हैं। कैलाश चंद के अनुसार 100 पौध 200 से 300 रुपए तक में बेचे जाते हैं। इससे दूसरे किसानों को भी फूलों की खेती शुरू करने में मदद मिल रही है। उनकी उपज दिल्ली, जयपुर, बांदीकुई और दौसा तक पहुंच रही है।

दसवीं तक पढ़ाई करने वाले कैलाश चंद ने खेती को ही अपनी आजीविका का मजबूत आधार बनाया है। क्षेत्र में जगदीश सैनी, मोहन सैनी, मुकेश और लाला सैनी सहित कई किसान भी फूलों की खेती से जुड़कर परंपरागत खेती के साथ आय के नए रास्ते खोल रहे हैं। मोहन व मुकेश ने बताया कि आगे बढ़ने के लिए कुछ तो नया करना ही पड़ेगा।

Updated on:
16 Nov 2026, 5:57 PM IST
Published on: