Dausa News: रसीदपुर के विकास को लेकर बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए। गांव में सीसीटीवी कैमरे, बिजली-पानी व्यवस्था, सड़क चौड़ीकरण, नाला निर्माण सहित कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
दौसा/मंडावर। रसीदपुर के अटल सेवा केंद्र पर आयोजित ग्राम सभा की बैठक गहमा-गहमी के बीच संपन्न हुई। बैठक में पंचायत प्रशासन और ग्रामीणों के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के दौरान माहौल गरमाया रहा। ग्राम सभा की अध्यक्षता सेवानिवृत्त विकास अधिकारी हरिकिशन ने की, जिसमें पंचायत प्रशासन व दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे। इस दौरान गांव में सीसीटीवी कैमरे, बिजली-पानी व्यवस्था, सड़क चौड़ीकरण, नाला निर्माण सहित कई प्रस्तावों पर चर्चा कर ध्वनिमत से निर्णय लिया गया।
ग्राम विकास अधिकारी भीम सिंह ने सड़क चौड़ीकरण और नाला निर्माण का प्रस्ताव रखा, जिस पर कुछ ग्रामीणों ने आपत्ति जताई। समाजसेवी व सेवानिवृत्त तहसीलदार भगवती प्रसाद शर्मा सहित कई ग्रामीणों ने सुझाव दिया कि सड़क चौड़ीकरण इस प्रकार हो कि बिना तोड़फोड़ के दो चारपहिया वाहन आसानी से निकल सकें।
वहीं, नाला निर्माण को लेकर सफाई व्यवस्था नहीं होने से गंदगी और मच्छरों की आशंका जताई गई। ग्रामीणों ने मांग की कि गांव में पहले से बने मंदिर व अन्य निर्माणों को नुकसान नहीं पहुंचाया जाए। साथ ही नालियों की नियमित सफाई, गंदे पानी की निकासी, विभिन्न मोहल्लों में पेयजल व्यवस्था सुधारने और पाइपलाइन से नल कनेक्शन देने की मांग भी उठी।
सभा में बेटियों व महिलाओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने, 11 केवी लाइनों पर प्लास्टिक केबल लगाने तथा स्कूल की छुट्टी के समय बजरी के ट्रैक्टरों के आवागमन पर रोक लगाने की भी मांग की गई। ग्रामीणों ने कहा कि ट्रैक्टर गांव से गुजरे तो धीमी गति से चलें, ताकि हादसों से बचाव हो सके।
ग्राम विकास अधिकारी भीम सिंह ने बताया कि ग्राम सभा में बिजली, पानी, सड़क चौड़ीकरण और नाला निर्माण सहित कई प्रस्ताव लिए गए हैं। सड़क चौड़ीकरण इस प्रकार किया जाएगा कि दो वाहन एक साथ निकल सकें।