Dausa Toll Plaza Acident: राजस्‍थान में टोल प्लाजा पर दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दौसा। Dausa Toll Plaza Acident: राजस्थान में मंगलवार को टोल प्लाजा पर दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। हादसा दौसा जिले के मनोहरपुर-कोथून नेशनल हाईवे पर स्थित टीटोली टोल प्लाजा पर हुआ। हालांकि गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।
दरअसल एक परिवार कार में सवार होकर सवाई माधोपुर से जयपुर जा रहा था। कार टोल प्लाजा पर टोल टैक्स के लिए खड़ी हुई थी। तभी पीछे से तेज रफ्तार से आए एक मिनी ट्रक ने कार को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भयानक था कि ट्रक कार को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस दौरान जिसने हादसे को देखा उसका दिल दहल गया। हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन भगवान का शुक्र रहा कि कार में सवार तीन लोगों की जान बच गई।
कार में सवार तीनों लोग घायल हैं जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि सवाई माधोपुर से जयपुर जा रहे कार सवार गोपाल लाल शर्मा, पूजा शर्मा, नेहा शर्मा निवासी जगतपुरा जयपुर घायल हो गए। घायलों को आसपास के ग्रामीणों ने कार से निकालकर एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय पहुंचाया।
तीन घायलों में से एक महिला को गंभीर अवस्था में दौसा जिला अस्पताल से जयपुर रेफर किया गया है। दिल दहला देने वाला यह हादसा टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को देखकर हर कोई हैरान है।