
लालसोट. विधानसभा चुनावों की रणभेरी बजने के साथ ही स्थानीय कांग्रेस मेें नए चेहरों को टिकट देने की मांग कर रहे कांग्रेस जनों ने अब अपनी आवाज प्रदेश आलाकमान तक पहुंचाने का निर्णय किया है। नया पौधा, नया करो विचार, टिकट मांगने का सबको अधिकार के नारे साथ कांग्रेसियों ने शनिवार को शहर के थली वाले हनुमान मंदिर में बैठक आयोजित कर आगामी विधानसभा चुनावों में नए चेहरे को टिकट देने की मांग को उठाया और मंदिर परिसर में पौधरोपण भी किया।
बैठक मेें उप जिला प्रमुख सीताराम मीना को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए तीर कमान भेंट कर सम्मानित किया और जन जागृति के लिए एक पम्पलेट का विमोचन भी किया गया। प्रेम स्वरुप लामड़ा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए उप जिला प्रमुख सीताराम मीना ने कहा कि क्षेत्र में कांग्रेस कुछ जनों की बपौती बन रह गई है।इससे कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं की सुनवाई नही हो रही है।
सरपंच रामबिलाश मीना ने कहा कि चुनावों कांग्रेस का टिकट मांगने का अधिकार सभी कार्यकर्ताओं को है।पूर्व सरपंच राधेश्याम अजबपुरा, चौथमलल पापड़दा, छुट्टनलाल मीना, सुखजी मीना, नारायण मीना, रामसिंह मीना, नाथूलाल मीना, शहजाद अली, चौथमल पापड़दा, नवल लालपुरा, सोहनपाल मरमिट, घनश्याम बोहरा, रामकरण तलावगांव, सोहनाल मरमिट, हरजीलाल मीना, रामलाल मीना, रमजान खान, कालूराम मीना, रामचरण बड़ेखण, जगदीश फांगा, रामकिशन मीना, लोकेश मीना, राजकमल आदि थे। (निप्र.)
जुगाड़ चालक को चौदह माह का कारावास
लालसोट. शहर के मुंसिफ मजिस्ट्रेट न्यायालय ने करीब आठ साल पुराने वाहन दुर्घटना के मामले में जुगाड़ चालक को दोषी ठहराते हुए चौदह माह का कारावास व तीन हजार रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई है।
मामले के सहायक अभियोजन अधिकारी कानाराम मीना ने बताया कि परिवादी शंकरलाल मीना ने वाहन दुर्घटना में उसकी पत्नी राजवंत की मौत होने पर जुगाड़ चालक रेवड़मल निवासी झांपदा के खिलाफ तेज गति व लापरवाही से जुगाड़ चलाने का मामला दर्ज कराया था।इस पर मुंसिफ मजिस्ट्रेट न्यायालय के न्यायाधीश मुकेश सांवरिया ने आरोपी जुगाड़ चालक को दोषी ठहराते हुए चौदह माह का कारावास व तीन हजार रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई है।(नि.प्र.)