दौसा

चरागाह को सिवायचक में बदलने की घोषणा, ग्रामीणों को मिलेगा लाभ

राजस्व लोक अदालत न्याय आपके द्वार शिविर
2 min read
May 31, 2018
nangal rajawatan sdo
चरागाह को सिवायचक में बदलने की घोषणा, ग्रामीणों को मिलेगा लाभ

नांगल राजावतान. यहां राजपुरिया रोड स्थित अटल सेवा केन्द्र पर राजस्व लोक अदालत न्याय आपके द्वार शिविर में विधायक शंकरलाल शर्मा ने मुख्यालय पर चरागाह में बसी आबादी को सिवायचक में परिवर्तित करने की घोषणा की। इससे सैकड़ों परिवारों को लाभ मिलेगा। शिविर में विधायक शर्मा ने कहा कि नांगल की वर्षों पुरानी समस्या को उन्होंने विधानसभा मेंं भी उठाया था। नांगल राजावतान में चरागाह भूमि पर बने मकान व दुकानें बनाकर लोग उपयोग ले रहे थे। इस भूमि को सिवायचक में परिवर्तन करने के लिए उन्होंने उपखण्ड अधिकारी डॉ. गोरधनलाल शर्मा को कहा।

उपखण्ड अधिकारी शर्मा ने बताया कि पहले यह भूमि सिवायचक थी, लेकिन बाद में चरागाह में लग गई। लोग इस भूमि पर वर्षों से मकान बनाकर रह रहे हैं। अब उन्हें लाभ मिलेगा। ग्रामीणों ने विधायक शर्मा को जनसमस्याओं से भी अवगत कराया । इस मौके पर तहसीलदार नवलकिशोर मिश्रा, विकास अधिकारी मुरारीलाल शर्मा, वैद्य राजेश शर्मा, सरपंच चन्द्रप्रकाश राणा, उपसरपंच कमलेश शर्मा, सचिव रामअवतार मीना व गिरदावर सत्यनारायण शर्मा आदि मौजूद थे।

तहसील कार्यालय का किया घेराव


मंडावर. कस्बे में रामकृष्ण कॉलोनी की महिलाओं ने लम्बे समय से चली आ रही पेयजल समस्या को लेकर एक बार फिर तहसील कार्यालय का घेराव किया। महिलाओं मुख्य दरवाजे पर जलदाय विभाग के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने बताया कि बीस दिन पूर्व भी पानी को लेकर घेराव किया गया था। तब जनप्रतिनिधियों व प्रशासन ने आश्वासन दिया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।


तहसीलदार भारतभूषण दीक्षित, नायब तहसीलदार प्रकाशचंद मीना, थानाप्रभारी अशोक झाझडिया, रामनिवास गोयल व जेईएन राधाकृष्ण मीना मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने शीघ्र समस्या समाधान का आश्वासन देकर जेईएन जलदाय को उचित दिशा-निर्देश दिए। तब जाकर महिलाएं शांत हुई।


मंडी गेट पर जड़ा ताला


मंडावर. यहां कृषि उपज मंडी मंडावर में लम्बे समय से बोरिंग खराब होने से पेयजल समस्या है। इससे नाराज पल्लेदार व किसानों ने मंडी गेट बंद कर आक्रोश जताया। बाद में मंडी प्रशासन ने टैंकर मंगवाए। व्यापार समिति ने बर्फ की व्यवस्था की।

Published on:
31 May 2018 08:27 am