दौसा

धरना प्रदर्शन कर चेताया, बुढ़े मां-बाप को दो न्याय, डॉ. किरोड़ी के नेतृत्व में उद्योग मंत्री के आवास पर पहुंची भीड़

तैनात रहा पुलिस जाप्ता, बोर्ड गिराया, दो साल से कर्णपुरा गांव निवासी युवक बुद्धिप्रकाश की गुमशुदगी का मामला

3 min read
Nov 19, 2021
धरना प्रदर्शन कर चेताया, बुढ़े मां-बाप को दो न्याय, डॉ. किरोड़ी के नेतृत्व में उद्योग मंत्री के आवास पर पहुंची भीड़


लालसोट(दौसा). पिछले दो साल क्षेत्र के कर्णपुरा गांव निवासी युवक बुद्धिप्रकाश की गुमशुदगी के मामले को लेकर पिछले नौ दिनों से पीडि़त परिजनों व अन्य जनों द्वारा आंदोलन के तहत शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय के सामने राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीना की अगुवाई में धरना-प्रदर्शन किया गया। इसमेंं बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण, युवा व महिला पुरुषों ने शिरकत की। धरना प्रदर्शन में मौजूद भीड़ को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. मीना ने कहा कि बुजुर्ग मां-बाप को न्याय मिलना चाहिए और उन्हें विश्वास है कि गुमशुदा युवक बुद्धिप्रकाश के बारे में जरूर कोई सुराग मिलेगा। उन्होंने कहा कि गरीबों के साथ अन्याय व अत्याचार बर्दाश्त नहीं होगा, अगर कोई दीन दुखी को पुलिस, एमएलए या मंत्री द्वारा अपमानित किया जाए, धक्का मारा जाए, यह निंदनीय व्यवहार है। उन्होंने कहा कि ऐसा बर्ताव करने वाले मंत्री को नैतिकता के आधार इस्तीफा देना चाहिए। इससे पूर्व धरना-प्रदर्शन के लिए शुक्रवार सुबह से ही एसडीएम कार्यालय के सामने बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटना शुरू हो गई और मंच पर पीडि़त परिवार के सदस्य हाथ जोड़कर अपने गुमशुदा बेटे को लाने की गुहार लगा रहे थे।

धरना प्रदर्शन को भाजपा नेता रामबिलाश मीना, हरकेश मटलाना, महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी सुमन खुर्रा, मुकेश रामगढ़, शिवशंकर जोशी, कांजी सूरतपुरा, शंभूलाल कुई वाला, धर्मराज कांकरिया,बलराम बैरवा, पंचायत समिति सदस्य जितेन्द्र सैनी, हरलाल मीना, हनुमान डिडवाना समेत कई जनों ने भी संबोधित किया। इस दौरान भारी संख्या में कई थानों पुलिस जाप्ता भी तैनात रहा। बाद में जिला मुख्यालय से क्यूआरटी टीम भी लालसोट जा पहुंची। भाजपा नेता सतपाल मीना, धुंधीराम मीना, अनिल बैनाड़ा, अशोक हट्टिका,बाबू बिहारीपुरा, रवि सोनड़, राजेश्वरी मीना, पार्षद सुरेश सैनी समेत कई जने मौजूद रहे।

किरोड़ी ने भीड़ के साथ किया कूच

धरना प्रदर्शन के दौरान राज्यसभा सांसद ने भीड़ के साथ शहर में जगदंबा कॉलोनी स्थित उद्योग मंत्री परसादीलाल मीना के आवास पर कूच के लिए ऐलान कर दिया। इसके बाद वे भी हजारों की भीड़ केे साथ पैदल चलते हुए उद्योग मंत्री के आवास के लिए रवाना हो गए। इस ऐलान के बाद पुलिस व प्रशासन भी चौकस हो गया और उद्योग मंत्री के आवास पर सुरक्षा बढ़ाते हुए भारी संख्या में पुलिस जाप्ता भी तैनात कर दिया। मौके पर एसडीएम सरिता मलहोत्रा, डिप्पी एसपी शंकरलाल मीना एसएचओ अंकेश कुमार भी तैनात नजर आए। कुछ देर बाद जब किरोड़ी हजारों की भीड़ के साथ पहुंचे तो पुलिस ने भीड़ को जगदंबा कोलानी के बाहर रोड पर ही रोक दिया।


पुलिस अधिकारियों व सीएम से भी मिला जाएगा

उद्योग मंत्री के आवास केे पास डॉ. मीना ने अधिकारियों से पूछा कि यहां उद्योग मंत्री मौजूद है या नहीं, वे क्षेत्र के लोगों के साथ उनकी मांगों का लेकर यहां पहुंचे हैं। इस पर अधिकारियों ने बताया कि उद्योग मंत्री यहां नहीं है। इसके बाद उन्होंने मामले की प्रगति रिपोर्ट पूछी। इस पर डिप्टी एसपी शंकरलाल मीना ने कहा कि अब मामले को री ओपन करते हुए पुलिस ने अनुसंधान कर युवक की तलाश शुरू कर दी है। तलाश के लिए टीम गठित की है। परिजनों व अन्य जनों के बयान भी दर्ज किए गए हंै। इस पर राज्यसभा सांसद ले कहा कि इस मामले को लेकर पुलिस के आला अधिकारियों व सीएम से भी मिला जाएगा। उन्होंने पीडि़त परिजनों व कार्यकर्ताओं द्वारा क्रमिक धरना जारी रखने की घोषणा की गई। इसके बाद ही पूरे घटनाक्रम का पटाक्षेप हुआ।


बेसुध हो कर स्टेज पर गिरा पिता

धरना प्रदर्शन के दौरान गुमशुदा युवक के पिता मीठालाल व अन्य परिजनों ने रोते हुए अपनी पीड़ा बताई तो माहौल काफी गमगीन हो गया। इस दौरान पिता मीठालाल बेसुध हो कर स्टेज पर भी गिर पड़ा। जिसे बाद में पानी पिलाकर संभाला।


भीड़ ने बोर्ड को गिराया

उद्योग मंत्री के आवास के पास जमा भीड़ एक बारगी तो आक्रोशित भी होती दिखाई दी। इस दौरान कुछ युवाओं ने रोड पर लगे उद्योग मंत्री के नाम के बोर्ड भी तोड़कर कर गिरा दिया।

Published on:
19 Nov 2021 07:25 pm
Also Read
View All