- संभागीय आयुक्त समित शर्मा ने किया औचक निरीक्षण
सिकंदरा (दौसा) . संभागीय आयुक्त समित शर्मा ने सिकंदरा में आधा दर्जन राजकीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान संभागीय आयुक्त को राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरा में अव्यवस्थाएं देखने को मिली, वहीं चिकित्सा कर्मियों के रात के समय मुख्यालय पर नहीं रुकने की शिकायतें मिलने पर चिकित्सा अधिकारियों के समक्ष नाराजगी जताकर व्यवस्थाएं सुधारने के दिशा-निर्देश दिए।
संभागीय आयुक्त समित शर्मा दोपहर 12 बजे सिकंदरा गांव स्थित राजकीय ट्रोमा अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सक तो मिले, लेकिन यहां कम संख्या में मरीजों का उपचार देखने को मिला। ग्रामीणों ने संभागीय आयुक्त को बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटना में घायलों को ट्रोमा की जगह राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार किया जाता है। जिसमें भी अधिकतर घायलों को जिला अस्पताल रैफर कर दिया जाता है। इसके बाद संभागीय आयुक्त ने ग्राम पंचायत के आईटी केंद्र का निरीक्षण किया। जहां पर ग्राम विकास अधिकारी व अन्य कर्मियों को साफ सफाई के दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों को पहचान पत्र साथ में रखने के दिशा निर्देश दिए। उन्होंने नजदीकी उप तहसील भवन व राजकीय उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उप तहसील में रिक्त चल रहे पदों पर कर्मचारियों को नियुक्ति देने की मांग की गई। बालिका स्कूल में संभागीय आयुक्त ने महिला शिक्षिकाओं को ऑनलाइन पढ़ाई के दौरान सिलेबस को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके बाद संभागीय आयुक्त राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे जहां पर अव्यवस्थाओं को देख नाराजगी जताई। स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों ने चिकित्सकों के रात के समय मुख्यालय पर नहीं रुकने, दुर्घटना में घायल मरीजों को रैफर करने, अस्पताल में डिलीवरी नहीं होने सहित पेयजल की समस्याओं से अवगत कराया। संभागीय आयुक्त ने अस्पताल परिसर में नसबंदी ऑपरेशन के लिए आई महिलाओं से भी जानकारी ली।
दोपहर एक बजे तक महिलाओं का ऑपरेशन शुरू नहीं करने को लेकर शिविर प्रभारी चिकित्सक को फटकार लगाई। संभागीय आयुक्त ने सीएचसी चिकित्सा प्रभारी को दो दिवस में व्यवस्थाओं में सुधार करने के सख्त निर्देश दिए हैं। चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में अस्पताल में तैनात चिकित्सकों के मुख्यालय पर नहीं रुकने की शिकायत मिली तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसको लेकर उन्होंने मौके पर मौजूद सीएमएचओ को हिदायत दी।
कार्मिकों को दिए प्रशंसा पत्र
दुब्बी. संभागीय आयुक्त डॉ .समित शर्मा ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कालाखो का निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिए। इस दौरान विद्यालय में चल रही परामर्श कक्षाओं को देखकर काफी सराहना की उन्होंने विद्यालय में गृह कार्य की जांच की एवं विद्यालय में बने विद्यार्थियों के शौचालय सहित अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विद्यालय में हरे पेड़ लगाएं एवं हरियाली के लिए प्रेरित करें। विद्यालय की व्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने कुछ कार्मिकों को प्रशंसा पत्र भी दिया। उन्होंने डीईओ घनश्याम मीणा को कहा कि इस तरह की व्यवस्था के सभी विद्यालयों में होनी चाहिए।