दौसा

विधायक मुरारीलाल मीना पहुंचे जिला अस्पताल, 20 चिकित्सक मिले नदारद

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Dec 22, 2018
dausa mla murari lal meena
विधायक मुरारीलाल मीना पहुंचे जिला अस्पताल, 20 चिकित्सक मिले नदारद

दौसा. विधायक मुरारीलाल मीना ने सुबह जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें 20 चिकित्सक अनुपस्थित मिले तथा व्यवस्थाएं भी ठीक नहीं मिली। विधायक ने पीएमओ को 10 दिन में व्यवस्थाएं सुधारने को कहा। इधर, पीएमओ ने भी नदारद चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए हैं। विधायक ने इसके बाद कृषि विभाग कार्यालय का निरीक्षण भी किया तथा अधिकारियों को यूरिया उपलब्ध कराने को कहा।


विधायक मुरारीलाल मीना ने जिला अस्पताल पहुंचकर पीएमओ कक्ष में रखे उपस्थिति रजिस्टर की जांच की। अनपुस्थित चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए उन्होंने पीएमओ डॉ. बीके बजाज को कहा। विधायक ने जिला अस्पताल में साफ-सफाई एवं पानी की व्यवस्था ठीक नहीं होने पर नाराजगी जताई एवं इनसे जुड़े अधिकारियों को 10 दिन में व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएमओ से कहा कि किसी भी संसाधन की कमी है तो वे सरकार से लाकर देंगे, लेकिन मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा सहन नहीं की जाएगी। रैफर टू जयपुर बंद होना चाहिए। किसी भी मरीज को बाहर की दवाई नहीं लिखी जाएगी।


विधायक ने वार्ड में मरीजों के हालात भी जाने। मरीजों के बैड पर चादर नहीं मिली। पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं मिली। धर्मशाला में रुकने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों से सौ रुपए की बजाय दस रुपए लेने को कहा।


डिलीवरी में वसूली नहीं चलेगी


जिला अस्पताल में होने वाले प्रसव में चिकित्साकर्मियों द्वारा की जाने वाली कथित वसूली के लिए विधायक ने कहा कि अब वसूली का खेल बिल्कुल नहीं चलेगा। उन्होंने पीएमओ को साफ कहा कि वे विशेष ध्यान रखें।


वही ंपीएमओ ने कहा कि अब जो भी चिकित्सक एवं चिकित्साकर्मी देरी से आकर बायोमीट्रिक मशीन पर हाजिरी करेंगे तो उन पर जयपुर से ही नजर रहेगी। शुक्रवार को हुई वीसी में बताया गया है कि सभी विभागों में अधिकारी व कर्मचारियों द्वारा बायोमैट्रिक से होने वाली उपस्थिति पर अब जयपुर से कंट्रोल होगा।

Updated on:
22 Dec 2018 07:59 am
Published on:
22 Dec 2018 07:59 am