दो साल से युवक की गुमशुदगी का मामला
दौसा. कर्णपुरा गांव निवासी युवक बृद्धिप्रकाश की गुमशुदगी को लेकर युवक के परिजनों व अन्य जनों का लालसोट एसडीएम कार्यालय पर धरनाग्यारहवें दिन भी जारी रहा। एक फिर दोबारा राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीना धरना स्थल पर पहुंचे और पीडि़त परिवार को सांत्वना देते हुए उनके पुत्र के बारे में कोई जानकारी प्राप्त करने के लिए पूरा प्रयास करने का भरोसा भी दिया। इस दौरान उन्होंने डिप्टी एसपी शंकरलाल मीना से मामले की प्रगति रिपोर्ट के बारे में जानकारी ली।
इस पर डिप्टी एसपी ने बताया कि पुलिस की एक टीम महाराष्ट्र के पुणे पहुंच चुकी है। वहां गुमशुदा युवक बुद्धिप्रकाश को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। इस दौरान डॉ. मीना ने डिप्टी एसपी से कहा कि युवक की तलाश के लिए एक और टीम को रवाना किया जाए। दूसरी ओर रविवार को पीडि़त परिजनों के साथ भाजपा नेता रामबिलाश मीना, मुकेश रामगढ़, आरडी चाकसू, चंदर मीना, लोकेश डोबवाल, हनुमान मीना, मीठालाल सरपंच, सांवलराम मीना, कुंजीलााल कर्णपुरा, विनोद मल्होत्रा, कैलाश मीना, सीताराम गुर्जर, भागवत गुर्जर, हरिमोहन कल्याणपुरा आदि थे।
बाइक में आग की लपटों से अफरा-तफरी
दौसा. लालसोट शहर के बस स्टैण्ड पर रविवार दोपहर रोड से गुजरती एक बाइक से आग की लपटें निकलने पर अफरा-तफरी मच गई, बाद में लोगों की सजगता से आग पर काबू पा लिया गया।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर एक बाइक सवार स्टैण्ड से बड़ाया धर्मशाला की ओर जा रहा था, इसी दौरान बाइक से आग की लपटें निकलने लगी।
बताया जा रहा है कि बाइक का पेट्रोल पाइप हटने के बाद जब पेट्रोल गर्म इंजन पर गिरने लगा तो आग की लपटें उठने लगी। आग की लपटों को देखकर बाइक सवार ने भी आनन फानन में उतर कर अपनी जान बचाई। इसके बाद आसपास मौजूद ठेले वालों ने पानी डालकर आग की लपटों पर काबू पा लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में तमाशबीनों की भीड़ भी जमा हो गई।
हनी ट्रैप के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार
दौसा. मंडावरी थाना पुलिस ने करीब दस माह पूर्व दर्ज हुए हनी ट्रैप के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी रामपाल मीना ने बताया कि 17 फरवरी को परिवादी ने थाने में मामला दर्ज कराया था कि उसके पिताजी एक गांव की राजकीय स्कूल में वरिष्ठ अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। मांडा सपोटरा निवासी बबलू गुर्जर ने उसके पिता को कई बार फोन कर मंडावरी बुलाया। इसके बाद उसके चाय में नशीला पदार्थ डालकर पूर्व नियोजित षडय़ंत्र के अनुसार अपहरण कर कहीं जंगलों में ले गए और बैग व समस्त दस्तावेजों के साथ 90 हजार 300 रुपए छीन लिए। इसके बाद भी डरा धमकाकर दो लाख रुपए देने की मांग की गई, नहीं देने पर एक महिला से बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी देते रहे।
पीडि़त ने आरोप लगाया था कि इस गिरोह में पृथ्वीराज मीना, ऋषि गुर्जर, बबलू गुर्जर, भरतलाल मीना, जगदीश खटीक, राजेश उर्फ राकेश मीना एवं रिंकू मीना सहित एक महिला शामिल है। इस मामले में महिला समेत रिंकू, भरतलाल को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है, अब राजेश उर्फ राकेश मीना निवासी बिछोछ को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि राजेश उर्फ राकेश मीना आदतन आरोपी है और उसके खिलाफ कई गंभीर मामले के प्रकरण भी दर्ज हैं। इस मामले में अब भी तीन आरोपियों की गिरफ्तारी शेष हैं। जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।