राजस्थान के दौसा जिले के उपखण्ड मुख्यालय नांगल राजावतान पर थाने के समीप स्थित यूको बैंक शाखा में लोगों के खातों से लाखों की रकम निकालकर गबन करने का मामला सामने आया।
राजस्थान के दौसा जिले के उपखण्ड मुख्यालय नांगल राजावतान पर थाने के समीप स्थित यूको बैंक शाखा में लोगों के खातों से लाखों की रकम निकालकर गबन करने का मामला सामने आया। खातों से रुपए निकलने की सूचना मिलते ही लोग शनिवार को दिनभर बैंक शाखा में अपने खातों से निकलने वाली लाखों की रकम की जानकारी लेने पहुंचे। उक्त शाखा का कैशियर बिना सूचना के दो दिन से गायब होने से शक की सुई उस पर जाती नजर आ रही है।
जानकारी के अनुसार बैंक शाखा से दर्जनों लोगों के खातों से लाखों रुपए निकाले गए। खातों में बैलेंस की पूछताछ करने लोगों को उनके खातों में लाखों रुपए होने की बैंक कर्मचारी जानकारी देते रहे। लोगों द्वारा बैंक खाते की पासबूक में एन्ट्री करवाने के लिए करने पर बैंक कर्मचारी मशीन खराब होने की बात कहते हुए उनको टरका देते थे, लेकिन दो दिन से बैंक शाखा का कैशियर अनिल कुमार शर्मा बिना सूचना के बैंक शाखा से गायब होने पर कुछ लोग बैंक शाखा में जाकर रुपए निकलवाने के लिए पहुंचे तो उनके खाते में रुपए नहीं होने पर उनके बैंक खाते से लाखों रुपए की राशि निकलने की बात सामने आई। यह सूचना क्षेत्र में आग की तरह फैलने पर लोग अपने खातों की जांच करने बैंक शाखा पहुंच रहे हैं।
इस संबंध में शाखा प्रबन्धक जगदीशनारायण मीना का कहना है कि लोगों के खातों से रुपए निकलने की शिकायत आ रही है। मामले को लेकर उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया है। कैशियर अनिल कुमार शर्मा बिना सूचना के दो दिन से गायब है। लोगों के पैसे निकलने के विड्रोल फार्म जांच करने पर विडोलों पर उपभोक्ताओं के हस्ताक्षर समान दिखाई दे रहे है। बैंक प्रशासन अपने स्तर पर मामले की जांच कर रहा है। बिना सूचना के कैशियर गायब होने से उक्त मामले में कैशियर शामिल होने का शक हो रहा है। उक्त मामले को लेकर उच्चाधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।