Electricity Corporation राजस्थान बिजली वर्कर्स फेडरेशन एटक के बैनर तले
दौसा. राजस्थान बिजली वर्कर्स फेडरेशन एटक के बैनर तले प्रदेशाध्यक्ष बनवारीलाल के नेतृत्व में अधीक्षण अभियंता कार्यालय परिसर में दौसा सर्किल में कार्यरत संविदा कर्मियों के पांच माह से बकाया वेतन भुगतान को लेकर प्रदर्शन किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कोरोना काल में लोग घरों से नहीं निकल रहे थे, उस समय संविदाकर्मी जीएसएस पर निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे थे। इसके बावजूद संविदाकर्मियों को विगत 5 महीनों से वेतन नहीं दिया जा रहा है। उन्हें अपना परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि कर्मचारियों की कमी से बिजली निगम जूझ रहा है, ऐसे में जल्द से जल्द भर्ती की जाए।
इस दौरान रोशनलाल मीना, संतोष ठाकुर, वेदप्रकाश अवस्थी, अंकित शर्मा, हरिराम महावर, शिवकांत शर्मा, मयंक खण्डेलवाल, दिनेश सैनी, अमरपाल मीना, महेश सैनी, कानाराम बैरवा, सुरेश प्रजापत, जगदीश सैनी सहित अन्य मौजूद थे।
एक वर्ष से मनरेगा श्रमिकों को नहीं मिल रही मजदूरी
गुढ़ाकटला. जहां कोरोना संक्रमण के चलते प्रदेश में लोगों के रोजगार छिन रहे हैं, वहीं सरकार भी इस कोरोना काल में मजदूरों को उसकी मजदूरी नहीं देकर उन पर दोहरा कुठाराघात कर रही है।
मामला भांवता भांवती के समीप तिगड्डा गांव का है, जहां मनरेगा मजदूरों को वर्ष 2020 के मनरेगा श्रम का भुगतान नहीं मिलने से उन्हें दर दर की ठोकरे खानी पड़ रही है।
मजदूरी की मांग को लेकर वे जिला कलक्टर एवं उपखण्ड अधिकारी तक कई बार शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन आज तक उनकी सुध नही ली। स्थानीय निवासी शांति देवी ने बताया कि उन्होने जून 2020 में 36 दिन मनरेगा में कार्य किया था, जिसका श्रम भुगतान आज तक नहीं किया गया, वहीं कमली देवी सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि उनका भी मनरेगा श्रम का भुगतान नहीं हुआ है। विकास अधिकारी बांदीकुई मोहन सिंह फोजदार ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। पता करवाकर आवश्यक कार्रवाई करवाएंगे।
मांगों को लेकर सौंपा विधायक को ज्ञापन
बांदीकुई. ग्रामपंचायत प्रतापपुरा मोराड़ी के ग्रामीणों ने मांगो को लेकर विधायक जी.आर. खटाना को ज्ञापन सौंपा। जिसमें उन्होंने थाना क्षेत्र सिंकदरा से बदलकर बांदीकुई करने, बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए दो जीओ लगाने, अक्षयपुरी स्कूल से बांदीकुई मेगा हाइवे तक डामरीकरण करने, मोराड़ी में पांच एकलबिंदू, पन्द्रह हैंड़पंप व दो शौचालयों का निर्माण कराने, देव नारायण मंदिर से प्रतापुरा मुख्य सड़क तक इंटरलॉकिंग कराने, प्रतापपुरा मुख्य गांव से रंगलाल पटेल व रामस्वरूप ढाणी तक इंटरलॉकिंग सहित प्रतापपुरा जीएसएस की चारदीवारी की भी मांग की। इस मौके पर चरणसिंह बैसला, धारासिंह गुर्जर, दुलीचंद गुर्जर, सुरेश गुर्जर पहलाद गुर्जर, सुनीता कसाना, धारासिंह, जोहरीलाल, रामफूल, छगनलाल, सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थें।