सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, कोटा-लालसोट मेगा हाइवे पर हादसा
लालसोट. कल्याणपुरा गांव के पास सुबह सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृत दीपक की शादी पांच दिन पूर्व ही देवशयनी एकादशी के मौके पर हुई थी।
मंडावरी थाना प्रभारी रामपाल मीना ने बताया कि सवाई माधोपुर जिले के लिवाली गांव निवासी दीपक (22) पुत्र अमरसिंह योगी बाइक से सवाई माधोपुर की ओर जा रहा था। लालसोट-कोटा मेगा हाइवे पर कल्याणपुरा पेट्रोल पंप के पास बाइक अनियंत्रित होकर रोड के पास एक पेड़ से जा टकराई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मंडावरी सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद परिजन भी मंडावरी सीएचसी पर पहुंच गए और वे भी दीपक के शव को देख कर बिलख पड़े। बाद में पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल इस मामले को लेकर परिजनों ने कोई प्राथमिकी नहीं दी है।
पांच दिन पूर्व ही हुई थी शादी
सड़क दुर्घटना में मृत दीपक की शादी पांच दिन पूर्व ही देवशयनी एकादशी के मौके पर हुई थी। परिवार में अब भी उसकी शादी को लेकर खुशी का माहौल बना हुआ था। दीपक परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। उसी की उम्मीदों पर पूरे परिवार का दारोमदार टिका हुआ था। रविवार सुबह हुई इस घटना के बाद उसके परिवार की खुशियों पर वज्रपात हो गया। सूचना मिलते ही परिजन भी बेसुध हो गए, परिवार में कोहराम मच गया और नवविवाहिता का रो-रोकर बार-बार में बेहोश हो रही थी। जानकारी के अनुसार दीपक सवाई माधोपुर से नर्सिग बीएससी कर रहा था। इसी के चलते वह सुबह पे्रेक्टिल देने के लिए बाइक से सवाई जा रहा था।
छह वाहन जब्त
मेहंदीपुर बालाजी. थाना पुलिस ने अवैध वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छह वाहनों को जब्त किया है। एएसआई शीशराम आर्य ने बताया कि बालाजी थाने के सामने व बालाजी कस्बे में वाहन चेकिंग के दौरान बिना कागजात मिले छह वाहनों को जब्त किया है। पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाने के आरोप में दो जनों को गिरफ्तार किया है।
तालाब से हटाया अतिक्रमण
महेश्वराकलां. ग्राम पंचायत महेश्वरा खुर्द में शिवनाथ तालाब व घाटों की साफ सफाई अभियान चलाया गया। सरपंच आशा देवी मीना ने बताया कि अपने खर्चे से जेसीबी व श्रमिक लगाकर तालाब में बबूल व कंटीली झाडिय़ों को हटाकर सफाई की गई। अतिक्रमण भी हटाया गया। इस दौरान जयचंद, दिनेशकुमार, बाबूलाल, राजेंद्र, मोतीलाल योगी आदि मौजूद थे।