दौसा

ट्रांसफॉर्मर में आग से मचा हड़कम्प

आस-पास रहने वालों में दहशत फैल गई।
2 min read
Jul 14, 2018
Fire in Transformers
ट्रांसफॉर्मर में आग से मचा हड़कम्प

लालसोट. शहर की न्यू कॉलोनी में आवासीय इलाके के बीच मौजूद ट्रांसफॉर्मर में आग लगने से हड़कंप मच गया। आस-पास रहने वालों में दहशत फैल गई। सैकड़ों तमाशबीन भी जमा हो गए। बाद में जानकारी मिलने पर विद्युत निगमकर्मियों का दल मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। (नि.प्र.)


निकली चिंगारी


दौसा. शहर के लालसोट रोड स्थित आईसीआईसीआई बैंक शाखा के सामने स्थापित हाई पावर के ट्रांसफॉर्मर में शुक्रवार दोपहर बरसात के दौरान स्पार्किंग के साथ चिंगारियां उठी। इस दौरान बीएड प्रवेश के लिए चालान व टोकन बनवाने वाले छात्रों की कतार लगी हुई थी। दर्जनों छात्र ट्रांसफॉर्मर के नीचे ही खड़े थे। चिंगारियां उठी तो छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि कोई हादसा नहीं हुआ। गौरतलब है कि यह ट्रांसफॉर्मर घनी आबादी के बीच रखा हुआ है। इससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।


दुकान में आग से लाखों का नुकसान


महुवा. कस्बे के मुख्य बाजार स्थित फुटवियर की एक दुकान में देर रात आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल की सहायता से आग पर काबू पाया गया। कस्बे के मुख्य बाजार में स्थित दुकान पर आग लगने की सूचना मिलते ही पहुंचे दुकानदार व कस्बेवासियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

पुलिस ने आसपास की दुकानों को खाली कराया और दौसा दमकल को सूचना दी। दमकलकर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहुल पुत्र मदनलाल गुप्ता निवासी महुवा ने जूते-चप्पल के शोरूम में आग लगने से करीब 8 से 10 लाख रुपए के नुकसान होने का मामला दर्ज कराया है। आग के कारणों का पता नहीं लग सका है।

चालक की झुलसने से मौत

नांगल राजावतान. रामगढ़ पचवारा थाना क्षेत्र के गांव नयावास में करंट लगने से डम्पर जल गया, वहीं करंट से झुलसे चालक की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि डम्पर को 11 केवी लाइन का तार छू जाने से करंट़ दौड़ गया और आग लग गई। जबकि चालक घनश्याम गुर्जर निवासी तूंगा जिला जयपुर की चालक की झुलसने से मौके पर मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बिजली बंद कराकर शव को डम्पर से बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय पहुंचाया।सूचना पर दौसा से दमकल पहुंची, लेकिन उससे पहले ही डम्पर का आगे का हिस्सा जल गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

Published on:
14 Jul 2018 07:58 am