दौसा

लक्ष्मण मीना हत्याकांड के पांच आरोपी और गिरफ्तार

कोलीवाड़ा गांव में गुस्साए ग्रामीणों ने शव के साथ दो दिन धरना-प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।
2 min read
Jul 11, 2018
ramgad pachwara police
लक्ष्मण मीना हत्याकांड के पांच आरोपी और गिरफ्तार

लालसोट. रामगढ़ पचवारा थाना क्षेत्र के कोलीवाड़ा गांव में गत 1 जुलाई की रात हुए लक्ष्मण मीना हत्याकांड में पुलिस ने घटना में लिप्त फरार आठ में से पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि मंगलवार को लालसोट शहर के गंगापुर तिराहे से हत्याकांड के आरोपी दिलखुश निवासी करेल, मुकेश निवासी करेल, लोकेश निवासी बरनाला, राजेश निवासी टोरडा व हेमराज निवासी टोरडा को गिरफ्तार किया। विकास निवासी करेल, धारासिंह निवासी खेड़ी जसवंतपुरा एवं विनोद निवासी सीमा की तलाश जारी है।


उन्होंने बताया कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को घटना के बाद संरक्षण देने वाले लोगों की तलाश भी जारी है। गौरतलब है कि दुकान पर सो रहे लक्ष्मण मीना की आरोपियों ने सिर व हाथ पर वार करते हुए निर्मम हत्या कर दी थी। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने शव के साथ दो दिन धरना-प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।


दोस्ती की कमस देकर बुलाया


थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि लक्ष्मण मीना हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता रामकिशोर उर्फ धोल्या मीना ने महाराष्ट्र के सोलापुर में काम करने वाले अपने साथियों को फोन पर लक्ष्मण मीना द्वारा उसके साथ की गई मारपीट की घटना के बारे में जानकारी देते हुए बदला लेने के लिए दोस्ती की कसम देकर उन्हें लालसोट आने को कहा। इसके बाद दिलखुश मीना, विकास प्रजापत, राजेश मीना सोलापुर से घटना के दो दिन पहले लालसोट पहुंचे। इसके बाद सभी ने धोल्या के निर्देशन में हत्याकांड को अंजाम दिया।

आरोपित मौके से फरार होकर कई दिनों तक पपलाज माता, मलारना डूंगर, कुंडेरा, सवाई माधोपुर समेत कई इलाकों में रहे। पुलिस की छापेमारी से घबराकर सभी आरोपी मंगलवार को लालसोट शहर के गंगापुर तिराहेे पर जमा हो गए और बस से सवाई माधोपुर पहुंचकर ट्रेन के माध्यम से सोलापुर जाने की योजना थी। इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोच लिया। (नि.प्र.)

Published on:
11 Jul 2018 08:49 am