दौसा

Free Sonography: जिले में 33 केन्द्रों पर मिलने लगी फ्री सोनोग्राफी की सौगात, इस तरह मिलेगा योजना का लाभ

Rajasthan Dausa News: राजस्थान के दौसा जिले में मां वाउचर योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को निशुल्क सोनोग्राफी की सौगात मिलने लगी है। जानिए ​कैसे मिलेगा योजना का लाभ।

2 min read
Sep 19, 2024

Rajasthan Dausa News: राजस्थान के दौसा जिले में मां वाउचर योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को निशुल्क सोनोग्राफी की सौगात मिलने लगी है। योजना के पहले दिन बुधवार को जिले के सभी ब्लॉकों में गर्भवती महिलाओं को फ्री सोनोग्राफी के लिए कूपन प्रदान किए गए। इन कूपनों से गर्भवती महिलाएं अधिकृत 33 निजी सोनोग्राफी केन्द्रों पर नि:शुल्क सोनोग्राफी करवा सकेंगी। इन सभी 33 निजी सोनोग्राफी केन्द्रों को कूपनों के जरिए भुगतान सरकार द्वारा किया जाएगा। राजस्थान सरकार ने यह प्रोजेक्ट 8 मार्च को विश्व महिला दिवस के अवसर पर पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर भरतपुर, बारां और फलौदी में शुरू किया था। इसके बाद 17 सितम्बर को द्वितीय रोजगार उत्सव के दौरान दौसा जिले सहित पूरे राजस्थान में इसकी शुरूआत की गई है।

Rajasthan Maa Voucher Yojana के बारे में जानें

मां वाउचर योजना के तहत गर्भवती महिला की दूसरी या तीसरी तिमाही में गर्भकाल के दौरान कम से कम एक सोनोग्राफी नि:शुल्क कराई जाएगी। हर महीने की 9, 18, 27 तारीख को प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं उच्चतर चिकित्सा संस्थाओं पर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) दिवस आयोजित किए जा रहे हैं। इन दिवसों पर राजकीय चिकित्सा संस्थाओं पर चिकित्सा विशेषज्ञ से एएनसी जांच कराने आने वाली गर्भवती महिलाओं में से जो महिलाएं द्वितीय या तृतीय तिमाही में चल रही होंगी, उनकी कम से कम एक सोनोग्राफी जांच नि:शुल्क कराई जाएगी।

मां वाउचर योजना अब सभी जिलों में ऑनलाइन लागू की गई है, ताकि गर्भावस्था में होने वाली संभावित जटिलताओं का समय पूर्व पता लगाकर निदान प्रबंधन किया जा सके और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। जहां सरकारी अस्पतालों में सोनोग्राफी जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां निजी सोनोग्राफी सेन्टर पर गर्भवती महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा।

निजी सोनोग्राफी केन्द्र पर सोनोग्राफी जांच फ्री करवा सकेगी

योजना को ऑनलाइन संचालित किए जाने के लिए विभागीय सॉफ्टवेयर पीसीटीएस, इम्पेक्ट व ओजस को इंटीग्रेटेड कर एक ऑनलाइन प्रणाली विकसित की गई है। इसके तहत पीसीटीएस पर पंजीकृत गर्भवती महिलाएं जो एलएमपी (लेटेस्ट मंथली पीरियड) के अनुसार दूसरी या तीसरी तिमाही में चल रही हैं, उन्हें प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर एएनसी जांच के साथ-साथ सोनोग्राफी जांच करवाने के लिए एक क्यूआर कोड युक्त कूपन उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नम्बर पर जारी किया जाएगा।

यह कूपन 30 दिवस के लिए मान्य होगा। यदि किसी परिस्थितिवश 30 दिवस में संबंधित गर्भवती महिला सोनोग्राफी जांच के लिए जारी किए गए कूपन का उपयोग नहीं कर पाती है, तो उसे पुन: एक माह के लिए कूपन को किसी भी राजकीय संस्थानों से री-वैलिड किया जा सकेगा। इस कूपन को लेकर गर्भवती महिला विभाग से मान्य किसी भी निजी सोनोग्राफी केन्द्र पर अपनी सोनोग्राफी जांच नि:शुल्क करवा सकेगी। जांच के बदले राज्य सरकार प्रति सोनोग्राफी 450 रुपए के हिसाब से ऑनलाइन भुगतान सोनोग्राफी सेंटर के खाते में डीबीटी के माध्यम से करेगी।

Also Read
View All

अगली खबर