पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द
दौसा, महुवा थाना इलाके के धन्तूरी गांव में ट्रैक्टर के नीचे दब जाने से एक तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। थाना पुलिस ने बताया कि धन्तूरी गांव में घर के आगे खड़े ट्रैक्टर में कुछ बच्चे खेल रहे थे। इस दौरान बच्चों ने ट्रैक्टर का गियर निकाल दिया और ट्रैक्टर न्यूटल हो गया। जिससे ट्रैक्टर के नीचे दबने से राधिका (3) पुत्री गोवर्धन सैनी घायल हो गई। जिसे महुवा सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल में रैफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।
15 साल बाद लूट का आरोपी गिरफ्तार
वर्ष 2006 में 5 लाख की डकैती की वारदात को दिया था अंजाम
दौसा, बांदीकुई थाना पुलिस ने 15 साल से फरार चल रहे लूट के शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। वर्ष 2006 में शातिर बदमाश गोपाल योगी पुत्र रामजीलाल योगी निवासी सरसेना थाना टोडाभीम ने अपने साथियों के साथ बसवा रोड़ स्थित जी.एस.एस. पर 5 लाख की डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। वह 15 साल से फरार चल रहा था। आरोपी ने विराटनगर, जयपुर, बस्सी, महुवा, हिंडौन, मंडावर, भीलवाड़ा, गंगापुर सिटी, बांदीकुई सहित अन्य जगहों पर चोरी व डकैती की वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी से गहनता से मामले की पूछताछ कर रही हैं। टीम में सब इंस्पेक्टर बाबूलाल मीणा, हैंडकांस्टेबल हरिशंकर शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे। (ग्रामीण/ए.सं.)
हाइवे लूट के मामले में 8 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार
दौसा, बसवा थाना पुलिस ने 8 वर्ष से फरार चल रहे लूट के मुलजिम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दौसा अनिल सिंह चौहान व वृत्ताधिकारी बांदीकुई संजय सिंह चंपावत के सुपरविजन में बसवा थानाधिकारी रामशरण गुर्जर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने विशेष अभियान चलाकर 8 साल से फरार हाईवे लूट के मुल्जिम मुबारिक उर्फ मोहम्मद मुबीन पुत्र जागीर उर्फ जमील जाति मेव निवासी थलचाना थाना जुरहैरा जिला भरतपुर को गिरफ्तार किया गया। गौरतलब है कि 8 वर्ष पहले रात्रि के समय कार में सवार बदमाशों के द्वारा कोलाना जेल के पास कार में सवार दंपती को रोककर उनसे नकदी व कीमती सामान लूटकर फरार हो जाने की घटना के संबंध में थाना हाजा पर धारा 395 भादस में पंजीबद्ध किया जा कर अनुसंधान शुरू किया गया। प्रकरण में पूर्व में भी छह लुटेरों को गिरफ्तार किया जा चुका है।