
दौसा. जिले के सदर थाना इलाके के लोहसरी गांव में 29 जुलाई को दो गुटों में भूमि व कुएं की मुंडेर गिराने की बात को लेकर हुए खूनी संघर्ष में दो जनों की हत्या के आरोप में शुक्रवार को भी आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
थाना प्रभारी रामसिंह यादव ने बताया कि इस मामले में राधाकिशन, सेडूराम व कमोद पुत्र नारायण गुर्जर,उमाशंकर पुत्र हीरालाल, मानसिंह पुत्र सेडूराम व केशंता पत्नी राधाकिशन को गिरफ्तार किया है। गत दिवस दो महिलाओं समेत पांच को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है। इनमें से दो आरोपी पुलिस रिमाण्ड पर चल रहे हैं। तीन को जेल भेजा जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि 29 जुलाई को हुए इस खूनी संघर्ष में रामजीलाल गुर्जर व उसके छोटे भाई गोकुल गुर्जर की पीट कर व जीप से कुचल कर हत्या कर दी थी। थाना प्रभारी ने बताया आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम में अरविन्द कुमार, महादेव गुर्जर, हरिशंकर, प्रहलाद, संतराम व विनय कुमार शामिल थे।
शराब के अवैध कारोबार पर कार्रवाई
लालसोट. लालसोट, रामगढ पचवारा थाना पुलिस एवं एसपी कार्यालय की क्राइम टीम ने संयुक्त रूप से शुक्रवार को क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार पर कार्रवाई की। डिडवाना एवं सलेमपुरा गांव में शराब की दुकानों पर छापा मारा। पुलिस ने बताया कि डिडवाना क्षेत्र में भरतसिंह राजपूत की अवैध दुकान पर छापा मारकर करीब 510 तथा सलेमपुरा ग्राम में जीतू उर्फ जितेन्द्र रैगर की दुकान पर छापा मारकर करीब 800 छोटी व बड़ी बोतलें देशी व अंग्रेजी शराब की जब्त की। आरोपियों को गिरफ्तार भी किया। (नि.सं.)
भैंसों से भरी पिकअप पकड़ी, दो गिरफ्तार
नांगल राजावतान. थाना पुलिस ने शुक्रवार को अवैध लोडिंग वाहन में ठूंस-ठूंस कर भैंस भर ले जा रहे दो जनों को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी जितेन्द्र यादव सहित जिला विशेष टीम प्रभारी प्रतिभा मिश्रा ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए लालसोट से अलवर की ओर जा रहे लोडिंग वाहन को रोककर जांच की तो उसमें 10 भैंसों को ठूंस-ठूंस कर भर रखा था।
पुलिस ने वाहन को जब्त कर भैंसों को नीचे उतारा। अवैध तरीके से भैंसों को ले जा रहे लालसोट निवासी मुकेश बैरवा व हरियाण के नूह मेवात निवासी अमीन मेव को गिरफ्तार कर लिया है।