
दौसा. जिला अस्पताल में साढ़े 11 बजे तक चिकित्सकों के आउटडोर में अपने चैम्बरों में सीटों पर नहीं बैठने से आक्रोशित मरीज एवं उनके परिजनों ने शुक्रवार को अस्पताल के सामने जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस ने मरीज एवं उनके परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया। इस दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों ने बताया कि सुबह से चिकित्सकों के कक्षों के बाहर बैठे थे और अब अस्पताल का समय पूरा ही हो गया लेकिन डॉक्टर सीटों पर नहीं आए। जबकि जिला अस्पताल मे साठ से अधिक चिकित्सक पद स्थापित है। जाम के चलते दो एम्बूलेंस भी जाम मे फंसी रही । इस दौरान लालसोट रोड पर वाहनों की कतार लग गई।
आते हैं तो कुछ देर बैठ कर चले जाते हैं
जिला अस्पताल में अधिकांश चिकित्सक थम्ब इम्प्रेशन पर अंगूठा लगाकर हस्ताक्षर करने के लिए समय पर आ तो जाते हैं, लेकिन वे बाद में सीटों पर नहीं बैठते हैं। जबकि उनके चैम्बरों के आगे मरीजों की कतार लगी रहती है। ऐसे में कई मरीजोंं को तो परेशान होकर वापस या निजी चिकित्सालयों में चले जाते हैं। जबकि इस वक्त मौसमी बीमारियों का दौर चल रहा है। अस्पताल का आउटडोर भी बढ़ा हुआ है।
लवाण में मिला स्क्रब टॉयफस का मरीज
नांगल राजावतान . लवाण तहसील मुख्यालय के खटीक मोहल्ले में एक महिला के स्क्रब टॉयफस पॉजीटिव होने की सूचना पर ब्लॉक टीम ने शुक्रवार को सर्वे कर लोगों के रक्त के नमूने लिए गए।
ब्लॉक टीम के गंगासहाय मीना ने बताया कि सुमन देवी (26) पत्नी दिनेश खटीक को स्क्रब टॉयफस पॉजीटिव मिला है। महिला को रक्षा बंधन के दो तीन बाद बुखार आया। इस पर परिजनों ने उसे लवाण सीएचसी में दिखाया। फायदा नहीं होने पर उसे दौसा जिला चिकित्सायल ले गए, लेकिन वहां भी फायदा नहीं होने पर परिजन उसे 8 सितम्बर को जयपुर एसएमएस अस्पताल में ले गए। जांच में महिला के स्क्रब टॉयफस होने की पुष्टि हुई। महिला का एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा है। ब्लॉक टीम ने 15 लोगों के रक्त के नमूने लिए। 56 घरों का सर्वे कर नालियों में दवा का छिड़काव किया गया। इस मौके पर ब्लाक टीम मुन्नीदेवी सैनी, लाली मीना, पुष्पा राजपूत, एएनएम लाली मीना, आशा सहायोगिनी लाली बैरवा आदि मौजूद थे।
खेत पर महिला वार्ड पंच की मौत
खेड़ला. क्षेत्र के ग्राम नाहीड़ा में गत देर शाम खेत पर चारा लेने गई महिला वार्ड पंच की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सुशीला देवी(55) पत्नी प्रेम सिंह गुर्जर खेत पर चारा लेने गई थी। जहां अचानक वह अचेत होकर गिर पड़ी। उसको सीसीएचसी में भर्ती कराया जहां से चिकित्सकों ने रैफर कर दिया। महिला ने महुवा राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में दम तोड़ दिया।