हीरामन बाबा के मेले में उमड़ी भीड़

जागरण में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को रोके रखा।
less than 1 minute read
Apr 16, 2017
Feature image

दौसा. तीतरवाड़ा कलां रामबास में हीरामन बाबा के मेले में शनिवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। इससे पूर्व शनिवार को आयोजित जागरण में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को अलसेवरे तक रोके रखा। मेले के तहत घुड़ले ने जहरीले कीड़े द्वारा काटे गए लोगों का उपचार किया।

दोपहर को भण्डारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। शाम को कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के कई पहलवानों ने हिस्सा लेकर जोर-आजमाइश की।

मेला स्थल पर लगी अस्थाई दुकानों पर महिलाओं व बच्चों ने जमकर खरीदारी की। समापन पर विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। यह जानकारी पूरणमल मीणा ने दी।

मत्था टेका, मांगी मन्नत

सैंथल. चौरडी गांव में शनिवार को हीरामन व हनुमानजी का मेला लगा।लोगों ने मत्था टेककर मन्नत मांगी व परिक्रमा लगाई। इस मौके पर कलश यात्रा भी निकाली गई। यात्रा में लोगों ने जयकारे लगाए, वहीं जमकर नृत्य किया।

शुक्रवार रात को चौरडी गांव में लक्ष्मण मीणा म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों की ओर से भजनों की प्रस्तुति दी गई।मेले के दिन हनुमानजी व हीरामन की झांकी सजाई गई।

मेला कमेटी की ओर से खेलकूद प्रतियोगिता हुई। जिसमें विजेता खिलाडियों को पुरस्कार दिए गए।इधर रविवार को झाझरवाला, सैंथल, सींगपुरा में हीरामल का मेला लगेगा। सुबह कलशयात्रा निकाली जाएगी।

Published on:
16 Apr 2017 11:31 am