दौसा

हुड़ला ने कराया भाजपा प्रत्याशी के भाई व निर्दलीय प्रत्याशी के पुत्र के खिलाफ हमले का प्रकरण दर्ज

हुड़ला ने कराया भाजपा प्रत्याशी के भाई व निर्दलीय प्रत्याशी के पुत्र के खिलाफ हमले का प्रकरण दर्ज
less than 1 minute read
Dec 08, 2018
Feature image

दौसा/महुवा।

विधानसभा चुनाव से एक दिन पूर्व गहनौली के पास निर्दलीय प्रत्याशी ओमप्रकाश हुड़ला पर हुए हमले का मामला शनिवार को महुवा थाने में दर्ज हुआ। थानाधिकारी अमित चौधरी ने बताया कि ओमप्रकाश हुड़ला ने शनिवार को थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया।

दर्ज मामले के अनुसार वे 6 दिसम्बर को रात आठ बजे लीलापुरा गांव में कार्यकर्ताओं से मिलकर वापिस महुवा आ रहे थे। गहनौली भोपर सडक़ पर आते ही उनकी कार के आगे अन्य वाहन लगा दिया। उस वाहन पर भाजपा प्रत्याशी राजेन्द्र मीना का पोस्टर लगा हुआ था। उस वाहन से उतरे लोगों ने फरसी, तलवार, लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इससे उनके हाथ, कंधे व शरीर पर चोटें आई और कार्यकर्ता बलराम मीना भी घायल हो गए।

हुड़ला ने हमला करने वालों में भाजपा प्रत्याशी राजेन्द्र मीना के छोटे भाई धर्मवीर मीना व निर्दलीय प्रत्याशी व पूर्व जिला प्रमुख अजीतसिंह के पुत्र गौरवसिंह व रामवीर गहनौली सहित 100-125 व्यक्तियों के खिलाफ हमला कर जान से मारने की नियत व पथराव करने का मामला दर्ज कराया है।

हुड़ला ने मामले में यी भी बताया कि इसके पश्चात वे अपनी कार को साइड से निकालकर लाए तो हिंडौन रोड पुलिया तक हमलावरों ने पीछा किया। पथराव से उनकी गाड़ी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। थानाधिकारी ने बताया कि हुडला की क्षतिग्रस्त कार को थाने में खड़ी करा ली गई है। हुड़ला का रविवार को मेडिकल कराया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
08 Dec 2018 09:02 pm
Published on:
08 Dec 2018 09:02 pm