
दौसा. लोकसभा चुनावों में अशांति फैलाने की आशंका वाले लोगों को चिह्नित कर पुलिस व जिला प्रशासन पाबंद कर रहा है। ताकि लोकसभा चुनाव शांति पूर्वक सम्पन्न हो सके। पुलिस अशांति फैलाने वाले लोगों में से अब तक 8 हजार 147 लोगों को पाबंद कर चुकी है। प्रतिदिन चिह्नित भी किए जा रहे हैं। वहीं उनके खिलाफ इस्तगासे भी पेश किए जा रहे हैं। पुलिस विधानसभा चुनावों में भी 18 हजार लोगों को पाबंद कर चुकी थी।
यहां इतने लोग किए जा चुके हैं पाबंद
जिले में कोतवाली थाना पुलिस अब तक चुनावों में अशांति फैलाने की आशंका वाले 405 लोगों को पाबंद कर चुकी है। इसी प्रकार बांदीकुई में 507, बसवा में 553, कोलवा 394,लालसोट में322, लवाण में 197, मेहंदीपुबालाजी में 279, महुवा में 1400, मण्डावर में 533, मण्डावरी में 312, मानपुर 389, नांगलराजावतान में 412, रामगढ़पचवारा 257, सदर थाना 447, सैंथल पुलिस थाना 415, सलेमपुर 259 व सिकंदरा में 1066 लोगों को पाबंद किया जा चुका है।
महुवा पर पैनी नजर
जिले में 19 पुलिस थाने हैं। इनमें से सर्वाधिक 1400 लोगों को महुवा पुलिसथाने ने चुनावों में अशांति फैलाने की आशंका को लेकर पाबंद किया जा चुका है। दूसरे स्थान पर सर्वाधिक पाबंद करने वाले पुलिस थाने में सिकंदरा पुलिस थाना है। सिकंदरा पुलिसथाने में भी 1066 लोगों को पाबंद किया जा चुका है। जबकि सबसे कम लोगों के पाबंद लवाण थाना पुलिस ने 197 लोगों को पाबंद किया है।
1798 सौ इस्तगासे किए जा चुके हैं पेश
पुलिस ने अशांति फैलाने की आशंका को लेकर 18 सौ इस्तगासे पेश कर दिए हैं। इनमें से कोतवाली पुलिस ने 126, बांदीकुई 180, कोलवा 72, बसवा 134, लालसोट 90, लवाण 68, मेहंदीपुरबालाजी 95, महुवा 181, मण्डावर 103, मण्डावरी 93, मानपुर 64, नांगलराजावतान 78, रामगढ़पचवारा 120, सदर थाना 120, सैंथल 62, सलेमपुर 56 व सिकंदरा पुलिस ने 156 इस्तगासे पेश कर लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी उठाया था लोगों ने सवाल
ग्रामीण इलाकों में लोगों का आरोप है कि कई ऐसे लोग हैं, जिनका चुनावों में होने वाली अशांति से दूर- दूर तक कोई लेना - देना नहीं है, फिर भी पुलिस की ओर से उनको पाबंद कर उनको मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। विधानसभा चुनावों में जिला पुलिस ने करीब 18 हजार लोगों को पाबंद किया था। लोगों का कहना है कि पुलिसकर्मी गांवों में एक जगह ही बैठ कर ऐसे लोगों के भी नाम लिख कर ले जाते हैं जो निर्दोष हैं।
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अशांति फैलाने की आशंका वाले लोगों को चिह्नित कर पाबंद किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की कमी नहीं रखी जाएगी।
प्रहलाद सिंह कृष्णियां,
पुलिस अधीक्षक, दौसा