दौसा

एम्बुलेंस ठीक नहीं हुई तो करेंगे आन्दोलन

यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चिकित्सालय में जताया विरोध

2 min read
Feb 18, 2018

बांदीकुई. यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के सिकंदरा रोड पुलिस थाने में खराब पड़ी एम्बुलेंस की मरम्मत कराए जाने की मांग को लेकर रविवार को राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में प्रशासन के खिलाफ नारे लगाकर विरोध जताया। कांग्रेस आईटी सैल जिला संयोजक नरेन्द्र बैंसला ने बताया कि गत करीब 15दिनों से 108 एम्बूलेंस खराब पड़ी है। इससे करीब आधा दर्जन से अधिक लोग उपचार देरी से मिलने के कारण दम तोड़ चुके हैं। तो घायलों को निजी वाहनों से चिकित्सालय पहुंचाने में खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई बार तो स्थिति ये रही है कि लोडिंग वाहनों में घायलों को लेकर आना पड़ता है।

जो कि पुलिस के लिए भी परेशानी का सबब बना हुआ है।यूथ कांग्रेस विधानसभा क्षेत्र उपाध्यक्ष नीरज गोयल ने बताया कि हडडी रोग विशेषज्ञ नहीं होने के कारण फ्रेक्चर से जुड़े मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद सीधे जयपुर व दौसा रैफर करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि यदि तीन दिवस में एम्बूलेंस को दुरुस्त नहीं किया गया तो आमजन को साथ लेकर आन्दोलन पर उतारू होना पड़ेगा। इस दौरान उपाध्यक्ष अशोक कुण्डारा, महासचिव प्रमोद सोनी, दिलीप सैनी, विकास शर्मा, युवा नेता विश्राम प्रजापत, सचिव लोकेश शर्मा, विक्की गुप्ता, लेखराज, सुभाषचंद शर्मा, छोटू एवं पवनसिंह भी मौजूद थे।

राशन सामग्री में धांधली की शिकायत


बांदीकुई. ग्राम पंचायत गुढ़ाकटला के ग्रामीणों ने जिला कलक्टर को पत्र लिखकर राशन विक्रेता द्वारा सामग्री निर्धारित मापदण्ड के अनुसार नहीं दिए जाने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। सरपंच छोटेलाल सैनी ने बताया कि राशन विक्रेता की ओर से राशन सामग्री समय पर वितरित नही ंकी जाती है। सामग्री सरकार की ओर से तय मापदण्ड एवं तोल के मुताबिक नहीं दी जाती है। वितरण भी तय समय पर नहीं करने से अधिकांश लोग राशन सामग्री के लिए भटकते रहते हैं। उन्होंने बताया कि इस बारे में कई बार प्रशासन को अवगत करा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे सरकार की ओर से संचालित खाद्य सुरक्षा योजना का आमजन को समुचित लाभ मिलता दिखाई नहीं दे रहा है।

Published on:
18 Feb 2018 08:03 pm
Also Read
View All