दौसा

जेसीबी लगाकर रातभर चला अवैध खनन, पहाड़ हो रहे खोखले

सूचना के बावजूद अधिकारियों की अनदेखी : महुवा में खनन माफियाओं के हौसले बुलंद
2 min read
• •
Updated: 18 Aug 2020, 10:16 PM IST
जेसीबी लगाकर रातभर चला अवैध खनन, पहाड़ हो रहे खोखले
जेसीबी लगाकर रातभर चला अवैध खनन, पहाड़ हो रहे खोखले

दौसा. महुवा. उपखंड क्षेत्र में वन विभाग की अनदेखी के चलते जेसीबी लगाकर अवैध खनन किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के ग्राम खौचपुरी, सायपुर, खोहरी सहित गाजीपुर नाका क्षेत्र के ग्राम गोहंडी, ओंड़ सहित अनेक स्थानों पर वन क्षेत्र के पहाड़ों पर खनन माफियाओं द्वारा जेसीबी लगाकर धड़ल्ले से अवैध खनन किया जा रहा है।

सोमवार देर रात्रि भी खौचपुरी के समीप खनन माफियाओं द्वारा जेसीबी लगाकर रात भर अवैध खनन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा वन अधिकारियों को दूरभाष पर सूचना दी, लेकिन खनन माफियाओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते खनन माफिया अवैध खनन से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली ले जाते रहे। क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन के चलते पहाड़ों की हरियाली गायब हो रही है। साथ ही पहाड़ खोखले नजर आ रहे हैं। लेकिन वन विभाग के अधिकारी अवैध खनन के मामले को लेकर चुप्पी साधे हुए हैं।


शिकायत के बावजूद लापरवाही
अवैध खनन से पर्यावरण को हो रहे नुकसान के बावजूद स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार स्थानीय अधिकारियों से अवैध खनन को लेकर शिकायत की जा चुकी है। लेकिन अधिकारी शिकायतों को लेकर अनदेखी कर रहे हैं।

क्या कहा अधिकारियों ने

अभी इसकी शिकायत नहीं मिली है। यदि कहीं अवैध खनन हो रहा है तो खनन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रवि विजय, उपखंड अधिकारी, महुवा

अवैध खनन की क्षेत्रीय वन अधिकारी जगदीशनारायण से रिपोर्ट मांगी गई है। साथ ही गश्त बढ़ाई जाएगी। अवैध खनन को रोका जाएगा।
केतन कुमार, जिला वन अधिकारी दौसा

Published on: