दौसा

दौसा जिले में संक्रमण पर लगा अंकुश: कोरोना पॉजिटिव दर गिरकर हुई 6 प्रतिशत

जिले में 76 नए पॉजिटिव, अब 709 एक्टिव केस

2 min read
May 26, 2021
दौसा जिले में संक्रमण पर लगा अंकुश: कोरोना पॉजिटिव दर गिरकर हुई 6 प्रतिशत

दौसा. जिले में कोरोना वायरस संक्रमण की चेन अब तेजगति से टूटती जा रही है। जिले में बुधवार को चिकित्सा विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 1245 जनों के सैम्पलों की रिपोर्ट आई, जिसमें से 76 जने कोरोना पॉजिटिव आए हैं। हालांकि बुधवार को दौसा में कोई मौत नहीं है, लेकिन अभी तक कोरोना के एक्टिव केसों में कमी नहीं आ रही है। बुधवार को जहां 705 जने कोरोना की बीमारी से ग्रसित थे, उसमें 4 की बढ़ोतरी के बाद एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 709 हो गई है।


इधर, जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर कुल 13 हजार 207 हो चुकी है। हालांकि इनमें से 12 हजार 443 जने रिकवर हो गए हैं। सीएमएचओ ने बताया कि दौसा ब्लॉक में 15, बांदीकुई में 11, लालसोट में 21, सिकराय में 2 व महुवा में कोरोना पॉजिटिव के 26 मरीज सामने आए हैं। एक जना जिले से बाहर का है।


दूसरे दिन भी उजागर नहीं की मरीजों की सूची

चिकित्सा विभाग अपनी सभी रिपोर्ट मीडिया में प्रकाशन के लिए उजागर कर रहा है, लेकिन अब दो दिन से मरीजों के नाम-पते व उम्र आदि की सूची को छिपाया जा रहा है। इससे विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। गौरतलब है कि गत दिनों मई माह के 21 दिन में 341 बच्चे पॉजिटिव होने का तथ्यात्मक समाचार मीडिया में प्रकाशित होने के बाद हड़कम्प मच गया था। माना जा रहा है कि अब मीडिया से तथ्यों को छुपाने के लिए सूची को जारी करना बंद कर दिया है।


बच्चों के लिए वार्ड तैयार
कोरोना की तीसरी लहर में बच्चों पर प्रभाव होने की आशंका के मद्देनजर जिला अस्पताल में करीब 22 बेड का वार्ड तैयार कर लिया गया है। इसमें पलंग बिछाकर ऑक्सीजन कंसंट्रेटर रख दिए हैं। अन्य सुविधाएं जुटाने की भी तैयारी चल रही है।

यह है ब्लॉकवार स्थिति

जिले के दौसा ब्लॉक में कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या 5252 हो चुकी है। इनमें से 5025 रिकवर हो चुके हैं। इसी प्रकार बांदीकुई में 1938 मरीज पॉजिटिव व 1832 रिकवर हो चुके हैं। सिकराय में 1773 मरीज पॉजिटिव आए, जिनमें से 1616 मरीज रिकवर हो चुके हैं। लालसोट में 2144 मरीज पॉजिटिव आ चुके हंै तथा 1996 रिकवर हो चुके हैं। इसी प्रकार महुवा में अब तक 2100 मरीज पॉजिटिव मिले, जिनमें से 1944 रिकवर हो गए।


फैक्ट फाइल

1. कुल कोरोना केस - 13207
2. कुल रिकवर - 12443

3. कुल एक्टिव केस - 709
4. रिकवरी प्रतिशत - 94.22

5. पॉजिटीवीटी दर - 6
7. जनसंख्या के विरूद्ध सैम्पल- 6.62

8. प्रति एक लाख पर सैम्पल - 6621
9. कुल सैम्पलों की संख्या - 131111

Published on:
26 May 2021 08:06 pm
Also Read
View All