सब्जी मण्डी में वाहन आड़े-तिरछे फंस जाने से यातायात बाधित रहता है।
बांदीकुई. शहर के अस्पताल रोड एवं बसवा रोड स्थित सब्जी मण्डी में जगह की कमी अखर रही है। कुछ सब्जी विके्रताओं को छोड़कर अधिकांश सब्जी विक्रेता आम रास्ते एवं सड़क पर सब्जी की दुकानें लगाते हैं। इससे जाम की स्थिति बनी रहती है।
अस्पताल रोड स्थित सब्जी मण्डी में सुबह 11 बजे तक जाम की स्थिति रहती है। ग्रामीण क्षेत्र से सब्जी लेकर आने वाले वाहन चालक अपने वाहन सड़क पर ही खड़े कर देते हैं। इससे वाहन आड़े-तिरछे फंस जाने से यातायात बाधित रहता है।
कई बार तो एम्बुलेंस को भी जाम से निकालना तक मुश्किल हो जाता है। इससे दुर्घटना में घायल व बीमार व्यक्ति को नियत समय चिकित्सालय पहुंचाना तक मुश्किल हो जाता है। ऐसे में इस मार्ग से गुजरने वाला हर कोई व्यक्ति प्रशासन को कोसता दिखाई देता है।
अस्पताल रोड व बालाजी चौक से करीब पांच दर्जन से अधिक कॉलोनियों के लोग आवाजाही करते हैं। इसके अलावा महिला महाविद्यालय, आदर्श विद्या मंदिर व गल्र्स स्कूल भी इसी मार्ग पर स्थित हैं। ऐसे में छात्राओं की भी आवाजाही बनी रहती है। जाम लगा रहने से सभी को आवाजाही में खासी परेशानी झेलनी पड़ती है।
सब्जी मण्डी में छाया के लिए टिनशैड की भी व्यवस्था नहीं है। ऐसे में कुछ व्यापारी तो सुबह-शाम ठण्ड होने पर ही दुकान लगाते हैं। कई बार सब्जी विक्रेता पालिका प्रशासन से सब्जी मण्डी में टिनशैड लगवाए जाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
जबकि इन दोनों मण्डियों में प्रतिदिन करीब 5 से 7 हजार लोग सब्जी खरीदने के लिए आते हैं। ऐसे में इन लोगों को भी पार्किंग की सुविधा नहीं होने से सड़क पर ही अपने वाहन लगाकर सब्जी खरीदनी पड़ती है। मण्डी के सुव्यवस्थित नहीं होने से भी शहर का सौन्दर्यीकरण बिगडऩे लगा है।
हालांकि कई बार पुलिस व पालिका प्रशासन की ओर से दोनों सब्जी मण्डियों में अभियान चलकार अस्थाई अतिक्रमण हटाया भी गया, लेकिन कुछ दिन बाद मामला ठण्डे बस्ते में चले जाने पर पुन: अतिक्रमण कर लिया जाता है। इससे लोग परेशान है।
कचरा पात्र भी नहीं हैं
शहर के बसवा रोड एवं अस्पताल रोड स्थित मण्डियों में कचरा पात्र की समुचित सुविधा नहीं है। बसवा रोड मण्डी का कचरा तो प्रतिदिन मुख्य सड़क पर डाल दिया जाता है। इस मण्डी के पालिका कार्यालय के नजदीक होने से प्रतिदिन कचरे का उठाव हो जाता है, लेकिन न्यू सब्जी मण्डी का कचरा बालाजी चौक के सामने ट्रांसफार्मर के नजदीक डाल दिया जाता है।
कचरे का कई दिनों तक उठाव नहीं होने से सड़ांध मारने लग जाता है। इससे लोगों का इस मार्ग से होकर निकलना तक मुश्किल हो जाता है। कचरे के पास आवारा जानवरों का जमावड़ा लगा रहने से चारों ओर गंदगी बिखरी रहती है। बसवा रोड स्थित सब्जी मण्डी में पानी की भी कोई समुचित सुविधा नहीं है।
दोनों मण्डियों में होगा सुविधाओं में इजाफा
शहर के बसवा रोड एवं अस्पताल रोड मण्डी में आमजन की सुविधाओं को देखते हुए विकसित किया जाएगा। इसके लिए सर्वे कराया जाएगा। दोनेां मण्डियों में पार्किंग की सुविधा चालू करने के लिए जगह चिह्नित की जाएगी। इससे बाजार में खरीददारी करने वाले लोग अपने वाहन खड़े कर सकें। यातायात व्यवस्था सुचारू होने के साथ ही सौन्दर्यीकरण को बढ़ावा मिल सकेगा। दोनों मण्डियों में सफाई की नियमित व्यवस्था है। (ए.सं.)
लक्ष्मी जायसवाल, चेयरमैन, नगरपालिका बांदीकुई