दौसा

शुरूआती रूझान कांग्रेस 3 एवं भाजपा 2 सीटों पर आगे

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू
2 min read
Dec 11, 2018
In the initial trends, Congress 3 and BJP 2 in Dausa's five assembly s
शुरूआती रूझान कांग्रेस 3 एवं भाजपा 2 सीटों पर आगे

दौसा. विधानसभा चुनाव के लिए गत 7 दिसम्बर को हुए मतदान के बाद जिले की सभी पांचों विधानसभाओं की मतगणना प्रक्रिया मंगलवार सुबह आगरा रोड स्थित पीजी कॉलेज में शुरू हो गई।सबसे पहले कर्मचारियों की ओर से दिए गए डाक मतपत्रों की गणना का काम शुरू किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर नरेश कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट मौके पर मतगणना प्रक्रिया पर निगाह बनाए हुए है। शुरूआती रूझान में दौसा से कांग्रेस के मुरारीलाल मीना, लालसोट से कांग्रेस के परसादीलाल मीना, सिकराय से कांग्रेस की ममता भूपेश, महुवा से भाजपा के राजेन्द्र मीना एवं बांदीकुई से भाजपा के रामकिशोर सैनी आगे है। थोड़ी देर बाद अन्य प्रत्याशियों के भी आगे-पीछे होने के रुझान आने लगेेंगे। इधर प्रत्याशियों के समर्थकों की दिल की धड़कने बढऩे लगी है। हर कोई ताजा अपडेट जानने की उत्सुकता में नजर आ रहा है। इससे पहले अलसुबह ही प्रत्याशी दैनिक कार्यो से निवृत होकर शुभ मंगलकामना के साथ मतगणना स्थल रवाना हुए। मतगणना के दौरान किसी भी अप्रत्याशित घटना से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से चाक चौबंद है। शहर के गांधी तिराहे से सोमनाथ सर्किल तक वाहनों की आवाजाही पर सुबह से ही रोक लगाई गई है। इस मार्ग पर निकलने वाली गलियों के मुहानों पर भी पुलिस पूरी तरह से निगाह बनाए हुए है। शहर के प्रमुख स्थानों पर अद्र्धसैनिक बल एवं पुलिस फोर्स के जवान तैनात है। गौरतलब है कि जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों से भाग्य आजमा रहे 46 प्रत्याशियों का पिटारा खुलने के साथ ही साफ हो जाएगा कि कौन सत्ता में पहुंचेगा और कौन नहीं।

सुन्दरदास स्मारक के समीप है वाहन पार्किंग
मतगणना में आने वाले प्रत्याशी, उनके एजेंट एवं समर्थकों के वाहनों को भी शहर आगरा रोड पर सोमनाथ चौराहे व गांधी तिराहे के बीच प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सब इन्सपेक्टर बृजेश कुमार ने बताया कि सभी वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था आगरा रोड पर तिवाड़ी अस्पताल व संत सुन्दरदास स्मारक के पास खाली पड़ी जमीन में की गई है।

यहां होकर किए जाएंगे वाहन डायर्वट
शहर के आगरा रोड पर सुबह से ही वाहनों की आवाजाही बंद रखी है। लालसोट की ओर से आने वाले वाहनों को गुप्तेश्वर सर्किल से गुप्तेश्वर रोड होते हुए लालसोट बायपास से डायर्वट किया है। वहीं आगरा रोड से लालसोट की ओर जाने वाले वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं करने दिया गया। उनको आगरा रोड पर चल कर लालसोट बायपास होकर आना पड़ेगा। यहां से लोगों को पैदल ही आना पड़ेगा। लालसोट की ओर से आने वाले वाहनों को जिला अस्पताल के बगल में होकर गणेशपुरा रोड से सोमनाथ चौराहे होते हुए आ सकते हैं। या फिर वे लालसोट बायपास होते हुए आगरा रोड होकर पार्किंग में पहुंच सकते हैं, लेकिन यह दूरी उनके लिए अधिक है।

Updated on:
11 Dec 2018 09:55 am
Published on:
11 Dec 2018 09:48 am