दौसा

Video: प्रकृति की गोद में बसे स्टेडियम में होगा फुटबाल महासंग्राम

दौसा में मां भवानी गोल्ड कप का आगाज 2 जनवरी से, देश की नामी टीमें होंगी शामिल

2 min read
Dec 30, 2017

दौसा. शहर के प्राचीन किले व प्रकृति की गोद में बसे स्टेडियम में आयोजित मां भवानी गोल्ड कप के आगाज में चंद घंटे शेष रह गए हैं। टूर्नामेंट मुख्य संयोजक शंकर शर्मा ने बताया कि फुटबाल खेल से दौसावासियों को खास प्रेम है। आयोजन को भव्य बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। विधायक के साथ जिला कलक्टर नरेशकुमार शर्मा व एसपी योगेश यादव भी स्टेडियम का जायजा ले चुके हैं। मुकाबलों में अतिथि के रूप में कई मंत्री व नेता आएंगे।


2 से 7 जनवरी तक होने वाली इस ऑल इंडिया फुटबाल प्रतियोगिता में देश की नामी टीमें भाग लेंगी। दौसा के खेलप्रेमियों की खास नजर ओएनजीसी मुम्बई पर रहेगी। यह टीम तीन बार दौसा आ चुकी है तथा हर बार सफलता के झण्डे लहराए। क्लब अध्यक्ष जितेन्द्र तिवाड़ी ने बताया कि जनता की मांग पर मुम्बई टीम को विशेष रूप से बुलाया है। इस टीम में तीन विदेशी खिलाड़ी इनको व बेन घाना से तथा एडमनी नाइजीरिया से हैं। यह टीम देश के नामी टूर्नामेंट में शामिल होती है। टीम मैनेजर जतिन बिष्ट अन्तरराष्ट्रीय खिलाड़ी रह चुके हैं।

प्रतियोगिता में विजयी टीम को चांदी पॉलिश की चमचमाती ट्रॉफी व 61 हजार रुपए दिए जाएंगे। उपविजेता टीम को 31 हजार रुपए और ढाई फीट ऊंची ट्रॉफी दी जाएगी। प्लेयर ऑफ दी टूर्नामेंट को 11 हजार व डेढ़ फीट की ट्रॉफी मिलेगी। इसके अलावा प्रत्येक मुकाबले में मैन ऑफ दी मैच पुरस्कार भी दिया जाएगा।


मैदान तैयार


प्रतियोगिता सचिव कमलेश त्रिवेदी ने बताया कि टीमों की आवास व्यवस्था 10 होटलों में की है। कार्यकर्ता तैयारी में दिन-रात जुटे हैं। मैदान पर फाइनल लाइनिंग का काम ऋषि शर्मा, अशोक शर्मा, दिनेश महावर, विष्णु शर्मा आदि के सहयोग से शुरू कर दिया है। मैदान में तैयारी में ओमप्रकाश गीजगरिया, गोपालकृष्ण शर्मा, कैलाश सोनी, राजेन्द्र भातरा, मनमोहन तिवाड़ी, अश्विनी शर्मा, राजकुमार सिद्ध, लेखराज शर्मा, फूलचंद बैरवा आदि मौजूद थे।


ये टीमें होगी शामिल


क्लब सचिव हिमांशु बापीवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में दमदम स्पोर्टिंग क्लब कोलकाता, आसाम राइफल्स, केरल पुलिस, सहारा लखनऊ, बीएसएफ पंजाब, किरारी स्टार फुटबाल क्लब दिल्ली, हैदराबाद आर्मी, फीफा कोलाबा मुम्बई, ओएनजीसी मुम्बई, शिवानंद स्पोर्टिंग क्लब हरियाणा तथा मेजबान भवानी क्लब की टीम जौहर दिखाएगी।

Published on:
30 Dec 2017 10:04 am
Also Read
View All