दौसा

किरोड़ी के मिलन से कई नेताओं की बढ़ी चिंता

भाजपा में ऊथल-पुथल की स्थिति है तो कांग्रेस के नेता खुशी जाहिर करते नजर आ रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 12 Mar 2018, 8:27 AM IST
kirodi lal meena

दौसा. लालसोट विधायक डॉ. किरोड़ीलाल मीना के भाजपा में शामिल होने के बाद स्थानीय नेताओं में खासी हलचल मची हुई है। भाजपा में ऊथल-पुथल की स्थिति है तो कांग्रेस के नेता खुशी जाहिर करते नजर आ रहे हैं। इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिले की पांचों सीटों से भाजपा के कई नेता दावेदारी करते नजर आ रहे थे। वहीं किरोड़ी गुट के भी नेता तैयारी में थे। अब भाजपा व किरोड़ी का मिलन होने पर पार्टी में दावेदारी करने वाले नेताओं की संख्या एकदम से दोगुनी हो गईहै।

भाजपा में कई सालों से टिकट के लिए जाजम बिछा रहे नेताओं में चिंता है कि कहीं पार्टी में किरोड़ी के समर्थक हावी नहीं हो जाएं। कुछ दावेदारों ने तो रविवार को जयपुर पहुंचकर किरोड़ी के यहां हाजिरी भी लगा दी। किरोड़ी का खुला विरोध करने वाले भाजपा नेताओं की टेंशन यह है कि कहीं अब उनका वजूद कम ना हो जाए। ऐसे में दो दिन से दौसा जिले में राजनीतिक पारा काफी गरमाया हुआ है।


कांग्रेस में राहत
कांग्रेस के नेताओं में किरोड़ी के निर्णय से राहत व खुशी का माहौल है। गत चुनाव में दौसा, लालसोट, बांदीकुई, महुवा व सिकराय पांचों सीट पर कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था। इस हार का कारण राजपा को माना गया। अब राजपा के विलय से भाजपा व कांग्रेस में आमने-सामने मुकाबला होगा तथा कांग्रेस को उम्मीद है कि उसके वोट पहले की तरह अब कोई राजपा नहीं काट पाएगी।


सोशल मीडिया पर जंग
किरोड़ी के निर्णय के बाद सोशल मीडिया पर उनके समर्थकों व विरोधियों में जंग छिड़ी हुईहै। कोई किरोड़ी के निर्णय का स्वागत कर रहा है तो कई आलोचना भी कर रहे हैं। खासकर मीना समाज में मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।


शामिल होते ही चुनावी परीक्षा
दौसा जिले के महुवा उपखण्ड के खोहरा मुल्ला गांव निवासी डॉ. किरोड़ीलाल मीना का पूरे जिले में प्रभाव है। उनके भाजपा में शामिल होते ही दौसा नगर परिषद में सभापति का उपचुनाव 14 मार्च को होने जा रहा है। लोगों में चर्चा है कि क्या डॉ. किरोड़ी भाजपा को पहली सौगात नगर परिषद दौसा के सभापति की सीट के रूप में दे पाएंगे।

Published on: