
कभी मानसून की मेहरबानी के भरोसे खेती करने वाले लवाण क्षेत्र के किसान अब तकनीक के सहारे खेतों को मुनाफे का कारोबार बनाने में जुटे हैं। पारम्परिक फसलों के साथ पॉलीहाउस, शेडनेट हाउस और ड्रिप सिंचाई जैसी आधुनिक तकनीकों का चलन बढ़ रहा है। इजरायली तकनीक से कम पानी में बेहतर उत्पादन और मौसम की चुनौतियों से बचाव के प्रयास किसानों की आमदनी बढ़ाने की नई राह खोल रहे हैं।
खेतों में अब बाजरा और सरसों के साथ रंगीन शिमला मिर्च, खीरा, चेरी टमाटर, ब्रोकली और कई ऐसी सब्जियां भी उगाई जा रही हैं, जिनकी बड़े शहरों में मांग है। बाजार की जरूरत के अनुसार फसल तैयार कर किसान अपनी उपज जयपुर, दिल्ली सहित दूसरे शहरों तक पहुंचा रहे हैं। खेती का यह बदलता स्वरूप युवाओं और महिला किसानों को भी आकर्षित कर रहा है।पांच बीघा में इजरायली तकनीक से खीरे की खेती
शेरसिंह रजवास की हवाला की ढाणी में महिला किसान रिंकू देवी मीणा पांच बीघा में आधुनिक तकनीक से खीरे की खेती कर रही हैं। इस मॉडल में प्रति बीघा करीब 1 लाख 25 हजार रुपए खर्च बताया गया है। इजरायली तकनीक और ड्रिप सिंचाई से तैयार फसल में करीब 33 दिन में फल आने शुरू हो जाते हैं। शुरुआती दो माह तक एक दिन छोड़कर सिंचाई की जाती है। तैयार खीरे को जयपुर की मुहाना मंडी के अलावा दिल्ली, रेवाड़ी और अलवर सहित अन्य बाजारों में भेजा जाता है। खेती के इस प्रयोग से क्षेत्र के किसानों को कम पानी में बेहतर उत्पादन और बाजार आधारित खेती अपनाने की प्रेरणा मिल रही है।
पॉलीहाउस और शेडनेट हाउस किसानों के लिए खेती में जोखिम कम करने का माध्यम बन रहे हैं। नियंत्रित वातावरण में खेती होने से बारिश, तेज धूप, कड़ाके की सर्दी, ओलावृष्टि और कीटों के असर से फसलों को काफी हद तक बचाया जा सकता है। किसान अब पारम्परिक फसलों के साथ रंगीन शिमला मिर्च, खीरा, चेरी टमाटर और विभिन्न प्रकार के फूलों का उत्पादन कर रहे हैं। बाजार में मांग और कीमतों के अनुरूप फसल चयन से बेहतर आय की संभावनाएं बढ़ रही हैं।
क्षेत्र में गिरते भूजल स्तर के बीच ड्रिप सिंचाई किसानों के लिए उपयोगी साबित हो रही है। इस तकनीक में पानी सीधे पौधों की जड़ों तक पहुंचता है, जिससे करीब 50 से 60 प्रतिशत तक पानी की बचत संभव है। फर्टिगेशन के जरिए पानी के साथ खाद और तरल उर्वरक भी सीधे जड़ों तक पहुंचाए जाते हैं। इससे खाद की बर्बादी कम होने के साथ खरपतवार पर नियंत्रण में भी मदद मिलती है। पानी और संसाधनों के बेहतर उपयोग से किसान साल में तीन फसलें लेने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
आधुनिक खेती गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा कर रही है। महिला किसान रिंकू देवी मीणा, हवाला की ढाणी ने बताया कि नई कृषि तकनीकों से युवाओं का खेती के प्रति रुझान बढ़ रहा है। कई युवा नौकरी के लिए महानगरों की ओर जाने के बजाय गांव में ही स्मार्ट फार्मिंग कर रहे हैं। क्षेत्र में बेसिल, जुकिनी, लाल पत्ता, पार्सले, लीक, ब्रोकली, चेरी टमाटर और रोमेन जैसी उच्च मूल्य वाली सब्जियों की खेती हो रही है। इनकी शहरी बाजारों में अच्छी मांग रहती है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के अवसर बढ़ रहे हैं।
राष्ट्रीय बागवानी मिशन और मुख्यमंत्री उन्नत कृषि योजनाओं के तहत पॉलीहाउस, ग्रीनहाउस और ड्रिप सिंचाई प्रणाली की स्थापना पर पात्रता व योजना के प्रावधानों के अनुसार 70 से 85 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान है। इससे छोटे और सीमांत किसान भी आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर अनुदान का लाभ उठाने और पारम्परिक खेती के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाने की अपील की।
हरिराम, सहायक कृषि अधिकारी (उद्यान)
फैक्ट फाइल :
- पांच बीघा में खीरे की खेती
- प्रति बीघा लागत : करीब 1 लाख 25 हजार रुपए
- फल आने का समय : करीब 33 दिन
- सिंचाई : शुरुआती दो माह तक एक दिन छोड़कर
- तकनीक : इजरायली तकनीक व ड्रिप सिंचाई
- बताया गया मुनाफा : 6 लाख 50 हजार रुपए
- बाजार : जयपुर मुहाना मंडी, दिल्ली, रेवाड़ी और अलवर सहित अन्य बाजार