दौसा

जन्मेंगे कान्हा, सजेंगी झांकियां, भीड़ नहीं होने दी जाएगी

dausa Janmashtami   जन्माष्टमी आज

3 min read
Aug 30, 2021
दौसा के गिरिराज धरण मन्दिर में आयोजित कृष्ण लीला उत्सव के दौरान दही हांडी फोड़ती नगर परिषद सभापति व मौजूद सदस्य।

दौसा. जन्माष्टमी पर देवनगरी सोमवार को भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर हो जाएगी। शहर के मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं की झांकियां सजाई जाएगी। मध्य रात्रि को भगवान श्रीकृष्ण जन्म के समय विशेष आरती के बाद प्रसादी का वितरण किया जाएगा। विभिन्न संस्थाओं की ओर से भी जगह-जगह झांकियों का प्रदर्शन होगा। इससे शहर में लोगों को उत्सव जैसा माहौल देखने को मिलेगा। रविवार से ही मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजा दिया गया। कोरोना गाइड लाइन के चलते इस बार भीड़ नहीं जुटे, इसके लिए जल्दी ही मंदिरों में झांकी खोल दी जाएगी।
श्रीगिरिराजधरण सेवा संस्थान ट्रस्ट के सचिव द्वारकाप्रसाद टटार ने बताया कि दौसा शहर के आगरा रोड स्थित गिरिराजधरण मंदिर को विशेष रोशनियों से सजाया जा रहा है। मंदिर में भगवान की मनमोहक झांकी सजाई जाएगी। कोरोना के चलते सुबह से ही दर्शन चालू रहेंगे। मेनगेट से अंदर तक बेरिकेडिंग इस तरह की गई है कि लोग ठहर नहीं पाएंगे और दर्शन करते ही निकलते रहेंगे। प्रसाद वितरण भी नहीं किया जा रहा। श्याम मंदिर के राजेश ठाकुरिया ने बताया कि नई मंडी रोड स्थित श्याम मंदिर में शाम 4 बजे से ही पट खोलकर झांकी के दर्शन चालू कर दिए जाएंगे। भगवान को रत्नजडि़त पोशाक धारण कराकर महलनुमा झांकी सजाई जा रही है। इसी तरह आगरा रोड स्थित गोविन्द देवजी मंदिर समेत कई मंदिरों में भी ठाकुरजी का शृंगार कर विभिन्न आयोजन होंगे।

लालसोट. शहर के गंगापुर रोड स्थित श्याम मंदिर में सोमवार को जन्माष्टमी पर विराट भजनामृत रसगंगा का आयोजन होगा। कोलकाता के फूलों से बाबा श्याम का अद्भुत शृंगार किया जाएगा। बाबा की पावन अखंड ज्योति के दर्शन होंगे। मंदिर को जगमगाहट रोशनी से सजाया जाएगा। कलाकार आयुष सोमानी जयपुर, अजय शर्मा दौसा, महेश मस्ताना लालसोट, राजू चौधरी लालसोट, श्याम म्यूजिकल ग्रुप लालसोट के सहयोग से शाम 7 से रात्रि 12 बजे तक भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। यह जानकारी सुभाष ठाकुरिया तथा श्याम मित्र मंडल के अध्यक्ष मनीष नाटाणी ने दी ।(नि.स.)

दौसा. नर्वदेश्वर महादेव ओर बालाजी मंदिर प्रतीक विहार कॉलोनी दौसा के तत्वावधान में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी एवं बालाजी ओर महादेव जी के मंदिर को आकर्षक फूल बंगाल झांकी और संजीव झांकी सजाई जाएगी। विष्णु सैनी ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर तैयारियां प्रारंभ कर दी है। इस दौरान सचिन शर्मा, विकास सैनी, संदीप राजपूत, आशु पांचाल, आशीष पांचाल, वीरेंद्र राजपूत, महेश सैनी, हिमांशु, गिर्राज सैनी सचिन, युवराज, सौरभ, सतीश आदि मौजूद थे।

लवाण. उपखण्ड मुख्यालय स्थित गोपालजी मंदिर पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर गोपाल जी मंदिर को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया गया। एक दिन पहले से ही भजन कीर्तन शुरू कर दिए।

महेश्वरा कलां. कस्बे स्थित बाण गंगा किनारे स्थित निंबार्क धाम तपोभूमि आश्रम में सोमवार को कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव मनाया जाएगा। यह जानकारी संत बालकदास ने दी। इस तरह कस्बे के गोपाल जी पंचायत मंदिर व लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव मनाया जाएगा। ग्राम पंचायत महेश्वरा खुर्द ठाकुर जी मंदिर में सोमवार को कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव पर अनेक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

कालोता. जन्माष्टमी पर उपतहसील मुख्यालय कुण्डल के मुरली मनोहर मंदिर परिसर में मुरली मनोहर की झांकी सजाई जाएगी। यह जानकारी मंदिर के पुजारी तेज प्रकाश शर्मा ने दी। इसी तरह भगवती मंदिर कुंडल में जन्माष्टमी के कृष्ण जन्मोत्सवों पर कृष्णजी की झांकी सजाई जाएगी वृन्दावन के कलाकार मनोज मनोहर शास्त्री व शैलेंद्र शर्मा के द्वारा भजन प्रस्तुति दी जाएगी। इसी प्रकार ग्राम पंचायत कालोता में ठाकुर जी पंचायत मंदिर परिसर में सिण्डोली निमाली भेडोली बडोली खड़का खान भाकरी लोटवाडा जोपाड़ा, खोर्रा कला कालीपहाड़ी, दुड़की खोर्रा खुर्द, चोबड़ी वाला आदि गांवों में कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव मनाया जाएगा।

मंडावर. यहां स्थित श्रीगोपालजी व सत्यनारायण मंदिर परिसर में जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर ठाकुरजी की मनमोहक झांकी सजाई जाएगी। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। मंदिर महंत गोवर्धनदास शर्मा ने बताया कि मनमोहक आभूषणों व वस्त्रों से ठाकुरजी का शृंगार होगा। रात्रि 12 बजे भव्य आरती कर प्रसाद वितरित किया जाएगा।

Published on:
30 Aug 2021 09:35 am
Also Read
View All