बसवा कस्बे के पास करनावर गांव में अरावली पहाड़ियों के नीचे बने प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सांवलिया धाम के 49वें विष्णु महायज्ञ के समापन पर लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा।
दौसा। बसवा कस्बे के पास करनावर गांव में अरावली पहाड़ियों के नीचे बने प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सांवलिया धाम के 49वें विष्णु महायज्ञ के समापन पर लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। श्याम बाबा के भंडारे में 110 मण दूध की खीर व 100 मण आटे के पूए बनाए गए। सोमवार दोपहर 12 बजे सात दिन से चल रही श्रीमद् भागवत कथा व विष्णु महायज्ञ की पूर्णाहुति की गई।
उसके बाद में विशाल भंडारे में करीब 50 हजार से अधिक लोगों ने पंगत में बैठकर प्रसादी पाई ।प्रसाद तैयार करने के लिए 45 हलवाइयों की टीम ने रविवार से ही कार्य करना शुरू कर दिया। खीर बनाने के लिए सोमवार सुबह आसपास के दर्जनों गांव से दूध एकत्रित करके प्रसाद के लिए 110 मण दूध खीर बनाई गई।
मेले में बांदीकुई, राजगढ़, बसवा, फुलेला, दौसा, अलवर अन्य दर्जनों गांव के लोगों ने पहुंचकर बाबा के भंडारे में प्रसादी पाई। लोगों ने श्याम बाबा के मंदिर में प्रसाद चढ़ाकर मन्नत मांगी। मेले में जमकर खरीदारी की। भीड़ अधिक होने के कारण बसवा पुलिस को व्यवस्था संभालने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार शाम तक मेले में लोगों का पहुंचना जारी रहा।
पांडाल छोटा पड़ा
रविवार रात को मंदिर प्रांगण में श्याम बाबा का जागरण का आयोजन किया गया । जिसमें स्थानीय व बाहर से आए हुए कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजन सुनाकर लोगों को रात भर रोके रखा। श्याम बाबा ,भगवान शंकर, भगवान राम की सजीव झांकी सजाई गई। लोगों की भीड़ अधिक होने के कारण पांडाल छोटा पड़ गया।