- बिना फास्टैग के वाहनों का हुआ जुर्माना
सिकंदरा. जयपुर आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गिरधरपुरा टोल प्लाजा पर फास्टैग शुरू होते ही पहले दिन ही वाहनों की लंबी कतारें लग गई तथा टोल कर्मियों व वाहन चालकों में फास्टैग को लेकर तकरार व नोकझोंक हुई। बिना फास्टैग वाले वाहनों के लेन में प्रवेश करने पर वाहन चालकों से दोगुना राशि वसूली गई। कुछ वाहन चालकों ने टोल कर्मियों से अभद्रता भी की। टोल अधिकारी वाहन चालकों से समझाइश कर बार-बार मामले को शांत करते रहे। शादियों का सावा होने के कारण दोपहर बाद टोल पर वाहनों की बहुत अधिक लंबी लाइनें लग गई।
ऐसे में वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात व्यवस्था सुचारू करने के लिए पुलिसकर्मी भी गिरधरपुरा टोल पर नहीं पहुंचे। ऐसे में देर शाम तक वाहनों की कतारे लगी रही। मार्कोलाइन टोल मैनेजर मगन सिंह नरूका ने बताया कि सोमवार रात 12 बजे से टोल पर सभी लेने फास्टैग शुरू कर दी गई है। ऐसे में मंगलवार सुबह टोल प्लाजा पर बिना फास्टैग के जो वाहन पहुंचे हैं, उन्हें वापस लौटा दिया गया। बिना फास्टैग के वाहन लेने में प्रवेश करने पर दोगुना राशि वसूली गई।
ऐसे में टोल कर्मियों वाहन चालकों में दिनभर तकरार व नोकझोंक होती रही। टोल मैनेजर ने बताया कि मंगलवार को टोल से 85 प्रतिशत वाहन फास्टैग के निकले हैं, वहीं 15 प्रतिशत वाहन अभी भी बिना फास्टैग के आ रहे हैं। वाहन चालकों को फास्टैग लगाने की लिए जागरूक किया जा रहा है। वीआईपी एवं आवश्यक सेवाओं के वाहन अतिरिक्त लेन से निशुल्क निकाले जाएंगे। वही वीआईपी नंबरों को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा जीरो फास्टैग बैलेंस के कार्ड जारी किए जाएंगे।