दौसा

शिविरों में 50 फीसदी आवेदकों को भी नहीं मिले पट्टे

Mahatma Gandhi Gramotthan Camps in Rajasthan: राजस्वकर्मियों ने ग्रामोत्थान शिविरों में नहीं दिखाई दिलचस्पी, लोगों को अभियान का नहीं मिल पा रहा है समुचित लाभ
2 min read
Sep 16, 2019
शिविरों में 50 फीसदी आवेदकों को भी नहीं मिले पट्टे
शिविरों में 50 फीसदी आवेदकों को भी नहीं मिले पट्टे

बांदीकुई. ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग की ओर से आयोजित किए जा रहे महात्मा गांधी ग्रामोत्थान शिविरों में राजस्व विभाग के अधिकारी व कार्मिकों के दिलचस्पी नहीं दिखाने से लोगों को शिविरों का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। गत 9 सितम्बर तक राज्य के 33 जिलों में करीब 5 हजार 237 शिविर आयोजित हो चुके हैं। इनमें कुल 1 लाख 28 हजार 65 आवेदन पट्टों के लिए पंजीयन हुए। इनमें से महज 57 हजार 527 लोगों को ही पट्टे जारी हुए हैं। जबकि 45 हजार 338 लोगों को पट्टों के लिए पंचायतों में चक्कर काटने पड़ रहे हैं।

Mahatma Gandhi Gramotthan Camps in Rajasthan


शुरुआत में तो राजस्व विभाग के कार्मिकों की ओर से फाइलों पर रिपोर्ट नहीं किए जाने के कारण पट्टे जारी नहीं हुए थे, लेकिन अब करीब 45 फीसदी पट्टे जारी हो चुके हैं।इसमें भी कई जिलों में तो अभी तक शिविरों की प्रगति रिपोर्ट संतोषजनक नहीं है। बांदीकुई उपखण्ड में 21 शिविर आयोजित हो चुके हैं, लेकिन अभी तक एक भी पट्टा जारी नहीं हुआ है। जबकि ये ग्रामोत्थान शिविर 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक आयोजित होने हैं। अब मात्र एक पखवाड़ा शेष है। ऐसे में अभियान में दर्ज प्रकरणों का शत-फीसदी निस्तारण होता दिखाई नहीं दे रहा है।

पंचायतों के पास आबादी भूमि का रिकॉर्ड नहीं


शिविरों में ग्रामीणों को भवन व भूखण्डों के पट्टे दिए जाने हैं, लेकिन पंचायतों के पास आबादी भूमि से जुड़े कोई रिकॉर्ड नहीं है। ऐसे में पट्टे जारी करने में परेशानी हो रही है। जबकि राजस्व विभाग की ओर से पंचायतों की आबादी भूमि का इन्द्राज ग्राम पंचायतों के नाम से नहीं करने, सीमाज्ञान नहीं होने, आबादी भूमि के नक्सा-ट्रेस एवं खसरा नम्बर का विवरण ग्राम पंचायतों को उपलब्ध नहीं कराया गया। ऐसे में शिविरों में पात्र व्यक्तियों को पंचायतों को पट्टे जारी करने में खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

ग्रामीण विकास विभाग अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश्वरसिंह ने राज्य के जिला कलक्टर एवं जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को आदेश जारी कर राजस्व कर्मियों को आबादी भूमि से जुड़े रिकॉर्ड पंचायतों को उपलब्ध कराने एवं पट्टों से जुड़ी रिपोर्ट किए जाने के आदेश दिए थे। इसके बाद कुछ सुधार हुआ है, लेकिन अभी भी त्वरित निस्तारण होना शुरू नहीं हुआ है।


पाली व प्रतापगढ़ रहे अव्वल


प्रतापगढ़ व पाली जिले में शत-प्रतिशत से भी अधिक कार्य हुआ है। प्रतापपगढ़ में 2635 आवेदन आए। इनको तो पट्टे जारी कर दिए गए। जबकि लम्बित पड़े 286 पट्टे भी शिविर में जारी किए गए हैं। वहीं पाली में भी 1251 दर्ज हुए लोगों को पट्टे जारी कर दिए गए और लम्बित पड़े 176 लोगों को भी पट्टे दिए हैं।

इनका कहना है...


राजस्व विभाग की ओर से पंचायतों की आबादी से जुड़ा रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराए जाने एवं फाइलों पर रिपोर्ट नहीं करने से पट्टे जारी नहीं हो सके। हालांकि अब कलक्टर के हस्तक्षेप के बाद राजस्वकर्मी शिविरों में आकर रिकॉर्ड उपलब्ध कराने लगे हैं। ऐसे में उम्मीद है कि शीघ्र ही आवेदनकर्ता सभी लोगों को पट्टे जारी हो सकेंगे।
-मोहनसिंह फौजदार, विकास अधिकारी पंचायत समिति बांदीकुई

यह है जिलों की स्थिति

जिला शिविर आवेदन जारी पट्टे
अलवर 276 903 428
उदयपुर 267 4269 2306
करौली 129 787 64
कोटा 76 5914 3074
गंगानगर 172 1022 750
चूरू 126 2201 781
चित्तौडगढ़़ 168 2929 1618
जयपुर 441 6892 2291
जैसलमेर 70 823 339
जालौर 143 4787 2523
जोधपुर 245 10466 4269
झुंझूनूं 139 4214 2142
झालावाड़109 3721 2419
टोंक 111 2191 438
डूंगरपुर 161 1414 953
दौसा 123 1017 262
नागौर 252 3889 1347
बूंदी 101 1742 542
बाड़मेर 250 2943 1671
बारां 118 1840 511
बांसवाड़ा194 766 389
बीकानेर 153 3195 1526
भरतपुर 150 4147 2634
सवाईमाधोपुर 106 1229 631
सीकर 165 1621 530
हनुमानगढ़ 126 1475 836

Mahatma Gandhi Gramotthan Camps in Rajasthan

Published on:
16 Sept 2019 07:46 am