दौसा

राजस्थान विधानसभा: महुवा बस स्टैंड को लेकर उठी मांग, दौसा जिले में है बस स्टैंड, फिर हिंडौन डिपो क्यों चला रहा शासन?

महुवा विधायक राजेंद्र मीणा ने विधानसभा में महुवा बस स्टैंड का संचालन हिंडौन डिपो के बजाय दौसा डिपो से करने की मांग उठाई है। विधायक का तर्क है कि ऐसा नहीं होने से प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों में बाधा आती है।
less than 1 minute read
Feb 13, 2026
Rajasthan Vidhan Sabha 2 years ago Recruitments were Announced when will the process start
राजस्थान विधानसभा। फाइल फोटो पत्रिका

Dausa News: राजस्थान विधानसभा में महुवा बस स्टैंड के प्रबंधन को लेकर एक अहम मुद्दा गूंजा है। महुवा विधायक राजेंद्र मीणा ने सदन में नियम 295 के तहत विशेष प्रस्ताव रखते हुए मांग की है कि महुवा केंद्रीय बस स्टैंड का संचालन करौली के बजाय दौसा डिपो से किया जाए।

विधायक मीणा ने सदन को बताया कि महुवा प्रशासनिक रूप से दौसा जिले का हिस्सा है, लेकिन यहां के रोडवेज बस स्टैंड का नियंत्रण वर्तमान में करौली जिले के हिंडौन आगार (डिपो) के पास है। इस भौगोलिक विसंगति के कारण प्रशासनिक कामकाज, वित्तीय स्वीकृतियों और समन्वय में अधिकारियों और आम जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

परिवहन मंत्री से की मांग

विधायक ने जानकारी दी कि राज्य सरकार ने बजट में इस बस स्टैंड के कायाकल्प के लिए 1.50 करोड़ रुपए स्वीकृत किए थे। अब जबकि विकास कार्य पूरे हो चुके हैं, तो बेहतर प्रबंधन के लिए इसे दौसा डिपो से जोड़ना बेहद जरूरी है।

उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के माध्यम से परिवहन मंत्री और उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा से आग्रह किया कि जनता की सुविधा और बेहतर बस सेवाओं के लिए महुवा बस स्टैंड का जिम्मा तुरंत दौसा डिपो को सौंपा जाए। इससे न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि बस स्टैंड के भविष्य के विकास कार्यों में भी तेजी आएगी।

Updated on:
13 Feb 2026 07:03 pm
Published on:
13 Feb 2026 07:03 pm