दौसा

पत्रिका की पहल पर स्वच्छ बांदीकुई बनाने की ली शपथ

बांदीकुई में राजस्थान पत्रिका की ओर से स्वच्छता संगोष्ठी

2 min read
Feb 06, 2018
Patrika Event in Bandikui

बांदीकुई. राजस्थान पत्रिका के जनसरोकारों के तहत मंगलवार को शहर के सिकंदरा रोड स्थित बांदीकुई पब्लिक स्कूल में स्वच्छता जागरूकता संगोष्ठी आयोजित हुई। इसमें बच्चों, अधिकारियों व अध्यापकों ने स्वच्छ बांदीकुई बनाने की शपथ ली। साथ ही नन्हे-मुन्ने बालकों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए स्वच्छता का संदेश दिया।

छात्रों ने स्वच्छ भारत का अभियान, हम सब मिलकर करेंगे स्वच्छ देश का निर्माण, सबकी मेहनत का फल है-अब बांदीकुई होगा नम्बर वन है की प्रस्तुति दी। छात्राओं ने हाथों में झाडू लेकर सफाई कर एवं कचरा पात्र में डालने से जुड़े नाटक पेश कर संदेश दिया। वहीं स्वच्छता, पर्यावरण व जल संरक्षण को बढ़ावा दिए जाने की बात कही। स्वच्छता से जुड़ी कविता भी प्रस्तुत की। बच्चों की प्रस्तुतियों पर हर कोई मोहित हो गया।


स्वच्छता ऐप काम लें
नगरपालिका अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगल ने कहा कि प्रत्येक घर में दो कचरा पात्र रखें। इसमें एक में गीला व दूसरे में सूखा कचरा डालें। इससे संक्रमण से बचाव हो सके। यदि कहीं शहर में कचरा दिखाई दे तो स्वच्छता ऐप पर फोटो खींचकर डालें। पालिका शीघ्र मौके पर जाकर उसका उठाव करेगी। उन्होंने प्रत्येक बालक से 100 लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाने का आह्वान भी किया।


सहायक पुलिस निरीक्षक अशोक झांझडिय़ा ने कहा कि शिक्षक भी किताबी ज्ञान के साथ ही बच्चों को स्वच्छता का पाठ भी पढ़ाए। उन्होंने कहा कि राजकीय सेवा में पहली नियुक्ति शिक्षक के रूप में मिलने पर स्वयं ने ही विद्यालय में सफाई अभियान चलाकर पंचायत क्षेत्र के लोगों को जागरुक किया था। उन्होंने कहा कि पत्रिका का आयोजन सराहनीय है।


संस्था निदेशक शुभम झालानी ने कहा कि रचनात्मक कार्यक्रम करने से समाज को नई दिशा मिलती है। बच्चे भी अपने समाज के प्रति दायित्व व जिम्मेदारी समझें तथा परिजनों को बताएं। इस मौके पर गौरव झालानी, संस्था साचिव माया झालानी, नेहा खण्डेलवाल, हैड कांस्टेबल समयसिंह ने भी बच्चों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाया। (ए.सं.)

Published on:
06 Feb 2018 07:42 pm