दौसा

मेहंदीपुर बालाजी में जेसीबी पर पथराव, जमकर बरपा हंगामा

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Jan 24, 2019
mahendipur balaji
मेहंदीपुर बालाजी में जेसीबी पर पथराव, जमकर बरपा हंगामा

मेहंदीपुर बालाजी. कस्बे में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के लिए बुधवार को पुलिस-प्रशासन के अधिकारी बालाजी पहुंचे। जहां शुरुआती दौर में ही लोगों के भारी विरोध के चलते कार्रवाई बंद करनी पड़ी। जेसीबी से टीनशैड़ तोडऩे से आक्रोशित लोगों ने जेसीबी पर पथराव कर जमकर हंगामा भी किया। इससे प्रशासन को बैरंग लौटना पड़ा।

दोपहर करीब 12 बजे तहसीलदार शिप्रा जैन, ब्लॉक विकास अधिकारी विजयसिंह चौहान व मानपुर पुलिस उपाधीक्षक आरके मीणा के नेतृत्व में महंत किशोरपुरी अस्पताल के सामने से अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई शुरू की गई। कुछ लोगों ने तो कार्रवाई होते देख स्वयं ही अपने स्तर अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। आदर्श कॉलोनी के मुहाने पर सड़क सीमा में आ रही तीन दुकानों की टीनशैड को जेसीबी से तोडऩे की कार्रवाई की गई। इससे लोगों द्वारा रोष व्यक्त करने पर हंगामा खड़ा हो गया।

स्थानीय लोगों ने मानपुर पुलिस उपाधीक्षक से कार्रवाई रोकने की मांग कर हंगामा व नारे लगाने शुरू कर दिए। देखते ही देखते आक्रोशित भीड़ ने अतिक्रमण ध्वस्त कर रही जेसीबी पर पथराव शुरू कर दिया। इससे मौके पर मौजूद लोगों व श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। कुछ युवकों व महिलाओं द्वारा जेसीबी पर पत्थर फेंकने से श्रद्धालु सहमे नजर आए। हंगामें के बाद कार्रवाई बंद कर दी गई। बाद में लोगों ने किरोड़ीमल धर्मशाला में एकत्र होकर प्रशासन पर आरोप लगाए।

मौके पर पहुंचे पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने लोगों की सुनवाई की। लोगों का कहना था कि उन्हें पूर्व में कोई नोटिस नहीं दिया गया तथा टीनशैड़ हटाने के बारे में भी सूचित नहीं किया गया था। ऐसे में प्रशासन की कार्रवाई लोगों को बेवजह परेशान करने के लिए की जा रही है, वहीं प्रशासन की ओर से बताया गया कि करीब पन्द्रह दिन पूर्व सभी अतिक्रमियों को नोटिस देकर कार्रवाई के लिए अवगत करा दिया गया था, लेकिन लोगों ने सड़क सीमा से अतिक्रमण नहीं हटाया।


एसपी के सामने भी उठा था मुद्दा


पिछले दिनों पुलिस अधीक्षक प्रहलादसिंह कृष्णियां की मौजूदगी में हुई सीएलजी की बैठक में भी अतिक्रमण के चलते हो रही अव्यवस्थाओं में बारे में विस्तार से चर्चा हुई थी। जहां व्यापार मंडल के लोगों ने अतिक्रमण हटाने के बारे में सहमति जताई थी। इसके बाद स्थानीय ग्राम पंचायत ने नोटिस देकर अतिक्रमियों को बुधवार को कार्रवाई के बारे में पुन: सूचित किया था। ऐसे में कार्रवाई के दौरान हुए हंगामे व पथराव ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में हुई बैठक में लोगों ने टीनशैड़ हटाने के लिए कुछ समय और देने की बात कही। इस पर प्रशासन ने सहमति जताते हुए 15 दिन का समय और दिया तथा सड़क पर चिह्नित सीमा से बाहर सामान नहीं रखने की हिदायत दी। हंगामे के दौरान हुए पथराव में जेसीबी का कांच टूटने की बात भी सामने आई है।

यह बोला पुलिस-प्रशासन


कार्रवाई के बारे में तहसीलदार शिप्रा जैन का कहना है कि अब उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद ही आगे ही कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी भगवानसिंह का कहना है कि पथराव आदि के संबंध में किसी ने रिपोर्ट नहीं दी है। बिना रिपोर्ट पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करेगी।
दूसरी ओर बीडीओ विजयसिंह चौहान का कहना है कि जेसीबी का कांच टूटने की उन्हें जानकारी नहीं है। स्थानीय प्रशासन से रिपोर्ट मांगी है।

Published on:
24 Jan 2019 08:29 am