दौसा

सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी बसपा : राजस्थान में आठ सभाएं करेंगी मायावती

- बसपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामजी गौतम ने कहा, अगले सप्ताह तक कर देंगे सूची जारी
2 min read
Oct 24, 2018
सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी बसपा
सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी बसपा : राजस्थान में आठ सभाएं करेंगी मायावती

दौसा. बांदीकुई. बसपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामजी गौतम ने कहा कि विधानसभा चुनाव में बसपा सभी 200 सीटों पर प्रत्याशी मैदान में उतारेगी। अगले सप्ताह तक प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी। गौतम बुधवार को सिकंदरा रोड पर पत्रकारों से बातचीत में बोल रहे थे।


उन्होंने कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती राजस्थान में 8 सभाएं करेंगी। इसमें एक सभा दौसा जिले में प्रस्तावित है। बसपा का कांग्रेस से कोई गठबंधन नहीं है। उन्होंने दावा किया कि करीब 30 से अधिक सीटें ऐसी हैं, जहां पार्टी अच्छे मतों से जीतेगी। बसपा आमजन के लिए तीसरा विकल्प है।


इस दौरान गौतम ने बसपा कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। इस मौके पर मुख्य जोनल प्रभारी पूरणसिंह परनामी, जोनल इंचार्ज धारासिंह आजाद, लोकसभा क्षेत्र प्रभारी हनुमानसहाय जग्रवाल, राहुल ओपी बैरवा, जिलाध्यक्ष श्यामबाबू बैरवा, विधानसभा क्षेत्र प्रभारी भागचंद टांकड़ा, तहसील अध्यक्ष रामस्वरूप बौद्ध, तेजाराम बैरवा आदि मौजूद थे।

पुलिस अधिकारियों ने लिया बूथों का जायजा

मानपुर. विधानसभा चुनावों को लेकर बुधवार को पुलिस अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का जायजा लेकर मतदाताओं से शांतिपूर्ण मतदान कर कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।


वृत्ताधिकारी आरके मीना व थानाप्रभारी सुरेंद्र कुमार ने लोटवाड़ा, पूंदरपाड़ा, बड़ाबास, निकटपुरी, पीलोड़ी, खेड़ा-खेड़ी, ढंढ़, रलावता, मानपुर, पांचोली सहित अन्य मतदान केंद्रों का जायजा लेकर बीएलओ को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मतदाताओं के साथ बैठक की।


मतदान केन्द्रों के लेआउट प्लान तैयार करने दिए निर्देश

नांगल राजावतान. उपखण्ड मुख्यालय के उदयपुरिया रोड स्थित तहसील कार्यालय में बुधवार को तहसीलदार ने राजस्वकर्मियों की बैठक लेकर मतदान केन्द्रों को लेआउट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए।


तहसीलदार राजेन्द्र प्रसाद रैगर ने बताया कि बैठक में गिरदावर, पटवारियों को अपने क्षेत्र के सभी मतदान केन्द्रों का लेआउट प्लान तैयार करने, मतदाता सुविधाओं को पूरी करने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर गिरदावर सत्यनारायण शर्मा, कल्याण सहाय मीना, योगेश चंद शर्मा, गिर्राज प्रसाद शर्मा, सुरेश जाटव आदि मौजूद थे।

Published on:
24 Oct 2018 07:54 pm